Chhattisgarh Morning News : साय कैबिनेट की अहम बैठक आज, कलेक्टर्स कॉन्फ्रेंस और कई बड़े कार्यक्रमों पर रहेंगी नजर
Chhattisgarh Morning News
Chhattisgarh Morning News : छत्तीसगढ़ में आज का दिन राजनीतिक और सांस्कृतिक गतिविधियों से भरा रहेगा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में सुबह 11 बजे मंत्रालय महानदी भवन में कैबिनेट की अहम बैठक होगी। यह बैठक इसलिए भी खास है क्योंकि सीएम साय के पहले विदेश दौरे से पहले मंत्रिमंडल आज कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा करने जा रहा है। माना जा रहा है कि इस बैठक में कृषि सुधार, उद्योग निवेश, महिला सशक्तिकरण और शिक्षा क्षेत्र से जुड़े मुद्दों पर बड़े फैसले लिए जा सकते हैं।
कलेक्टर्स कॉन्फ्रेंस में दिखेगी सरकार की प्राथमिकता
कैबिनेट बैठक के साथ ही सीएम विष्णुदेव साय प्रदेश के सभी जिला कलेक्टरों के साथ कॉन्फ्रेंस भी करेंगे। इसमें शिक्षा और स्वास्थ्य विभाग द्वारा की गई तैयारियों की प्रस्तुति दी जाएगी। माना जा रहा है कि सरकार जिला स्तर पर योजनाओं की स्थिति का आंकलन करेगी और विकास कार्यों की प्रगति पर चर्चा होगी।
इको-फ्रेंडली गणेश प्रतिमा बनाने की वर्कशॉप
राजधानी रायपुर में आज शाम 4 बजे समता कॉलोनी स्थित शिकारपुरी पंचायत भवन में महिला मंडल की ओर से विशेष इको-फ्रेंडली वर्कशॉप आयोजित की जाएगी। इस वर्कशॉप में प्रतिभागियों को मिट्टी से गणेश प्रतिमा बनाने का प्रशिक्षण दिया जाएगा। आयोजन का उद्देश्य प्लास्टर ऑफ पेरिस से बनी मूर्तियों के बजाय पर्यावरण हितैषी प्रतिमाओं के उपयोग को बढ़ावा देना है।
संस्कृति विभाग की प्रदर्शनी और संगोष्ठी
छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव के अंतर्गत संस्कृति विभाग आज ‘आजादी की गढ़-गाथा’ प्रदर्शनी का आयोजन करने जा रहा है। यह प्रदर्शनी सुबह 10 बजे से महंत घासीदास स्मारक संग्रहालय की कथा वीथिका में लगेगी। वहीं, स्वतंत्रता आंदोलन में छत्तीसगढ़ के योगदान पर आधारित विशेष संगोष्ठी दोपहर 2:30 बजे से आयोजित होगी। इसमें इतिहासकार और शोधकर्ता प्रदेश की भूमिका पर विस्तार से चर्चा करेंगे।
सामूहिक व्रत उद्यापन का आयोजन
महाराष्ट्र मंडल और महाराष्ट्र संस्कार केंद्र की ओर से आज सुबह 10 बजे से मंगलागौरी व्रत का सामूहिक उद्यापन संत ज्ञानेश्वर सभागृह में होगा। परंपरागत गीत-संगीत और पूजा-अर्चना के साथ यह कार्यक्रम संपन्न होगा।
विश्व फोटोग्राफी दिवस पर कला प्रदर्शनी
महाकोशल कला परिषद द्वारा आज शाम 6 बजे महाकोशल आर्ट गैलरी में कला प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी। यह आयोजन विश्व फोटोग्राफी दिवस के अवसर पर किया जा रहा है, जिसमें कई जाने-माने कलाकार और फोटोग्राफर्स अपनी कृतियों का प्रदर्शन करेंगे।
