Chhattisgarh Morning News: राजधानी में कृष्ण जन्माष्टमी की धूम, CM साय दिखाएंगे SBI साइबर सतर्कता रथ को हरी झंडी, अंबेडकर अस्पताल की OPD खुलेगी 2 घंटे
Chhattisgarh Morning News
रायपुर। Chhattisgarh Morning News: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर आज कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों का केंद्र बनेगी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सुबह सीएम हाउस से एसबीआई साइबर सतर्कता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। यह रथ लोगों को साइबर अपराधों से जागरूक करने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। इसके बाद मुख्यमंत्री अवंती विहार स्थित पुष्पांजलि कार्यक्रम में भी शामिल होंगे।
राजधानी में जन्माष्टमी का उल्लास
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर रायपुर के मंदिरों और पंडालों में धार्मिक आयोजन होंगे। इस्कॉन मंदिर, इंडोर स्टेडियम और ललित महल सहित कई स्थलों पर जन्माष्टमी महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। साथ ही दही हांडी प्रतियोगिता भी अलग-अलग स्थानों पर आकर्षण का केंद्र रहेगी।
डिप्टी CM अरुण साव का मुंगेली दौरा
उपमुख्यमंत्री अरुण साव आज मुंगेली जिले का दौरा करेंगे। वे सुबह बिलासपुर से रवाना होकर अलग-अलग ग्राम पंचायतों में जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों से मुलाकात करेंगे। शाम को वे लोरमी में यादव समाज द्वारा आयोजित जन्माष्टमी उत्सव में शामिल होंगे।
पूर्व CM भूपेश बघेल का यूपी-बिहार दौरा
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज दो दिवसीय दौरे पर निकलेंगे। वे रायपुर से दिल्ली होते हुए वाराणसी पहुंचेंगे। इसके बाद कल बिहार के सासाराम में राहुल गांधी की “वोटर अधिकार यात्रा” से जुड़ेंगे। यह रैली बिहार विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस की बड़ी रणनीतिक तैयारियों का हिस्सा मानी जा रही है।
अंबेडकर अस्पताल की OPD खुलेगी 2 घंटे
राजधानी रायपुर के डॉ. भीमराव अंबेडकर अस्पताल में आज मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी। आगामी तीन दिनों के सरकारी अवकाश के बावजूद अस्पताल प्रबंधन ने 16 अगस्त को सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक OPD सेवाएं शुरू करने का निर्णय लिया है। हालांकि आपातकालीन सेवाएं पहले की तरह 24 घंटे उपलब्ध रहेंगी।
सर्राफा बाजार रहेगा बंद
जन्माष्टमी के अवसर पर रायपुर का सर्राफा बाजार आज बंद रहेगा। सर्राफा एसोसिएशन ने पारंपरिक नियमों के तहत यह निर्णय लिया है। इससे पहले स्वतंत्रता दिवस पर भी बाजार बंद रखा गया था।
कंप्यूटर टेली प्रशिक्षण के लिए अंतिम तिथि आज
बड़ौदा आरसेटी के निदेशक ने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी 16 अगस्त तक निःशुल्क प्रशिक्षण के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए आधार कार्ड, बीपीएल राशन कार्ड की प्रतियां, 12वीं पास की मार्कशीट और पांच पासपोर्ट फोटो आवश्यक होंगे। पंजीयन बरोण्डा बाजार स्थित बड़ौदा आरसेटी कार्यालय में किया जाएगा। अधिक जानकारी के लिए संबंधित अधिकारियों से संपर्क किया जा सकता है।
