Chhattisgarh Morning News: छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज सख्त, सीएम विष्णु देव साय का सूरजपुर-जशपुर दौरा

Chhattisgarh Morning News

Chhattisgarh Morning News

Chhattisgarh Morning News: छत्तीसगढ़ में शीत लहर का असर जारी है और कई जिलों में मौसम विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया है, वहीं अगले 24 घंटे बाद तापमान में बढ़ोतरी की संभावना जताई गई है। इसी बीच मुख्यमंत्री विष्णु देव साय 17–18 जनवरी को सूरजपुर और जशपुर के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे, जहां वे ग्राम स्वराज अभियान सहित विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे।

छत्तीसगढ़ में शीत लहर का अलर्ट

छत्तीसगढ़ के कई जिलों में कड़ाके की ठंड का असर बना हुआ है। मौसम विभाग ने प्रदेश के उत्तरी और मध्य हिस्सों में शीत लहर को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। राजधानी रायपुर में सुबह धूप के साथ धुंध छाई रही, जिससे ठंड और अधिक महसूस की गई।

प्रदेश में शुक्रवार को मौसम शुष्क रहा। बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में न्यूनतम तापमान 3.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा। रायपुर, दुर्ग और सरगुजा संभाग के एक-दो इलाकों में शीत लहर की स्थिति बनी रही। फिलहाल कोई सक्रिय मौसम प्रणाली नहीं है और किसी भी जिले में बारिश दर्ज नहीं की गई।

मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे के बाद तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी की संभावना है, जिससे आने वाले दिनों में ठंड से कुछ राहत मिल सकती है।

मौसम विभाग ने कोरिया, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, सूरजपुर, बलरामपुर, सरगुजा, जशपुर, कबीरधाम, बेमेतरा, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, राजनांदगांव, मोहला-मानपुर-अंबागढ़-चौकी, बालोद, दुर्ग और रायपुर जिलों में एक-दो स्थानों पर शीत लहर की चेतावनी जारी की है।

वहीं राजधानी रायपुर में आज मौसम शुष्क बना रहेगा। सुबह धुंध छाए रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 12 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का दो दिवसीय सूरजपुर-जशपुर दौरा

इधर, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय 17 और 18 जनवरी को सूरजपुर और जशपुर जिलों के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे। दौरे की शुरुआत शनिवार को राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान के तहत एक विशेष बस को हरी झंडी दिखाकर की जाएगी।

शनिवार सुबह 11:30 बजे मुख्यमंत्री निवास, सिविल लाइन रायपुर में बस को रवाना करने के बाद मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से सूरजपुर जिले के चुनगढ़ी (भैयाथान विकासखंड) पहुंचेंगे। यहां दोपहर 2:30 से 4:10 बजे तक स्कूल मैदान, ग्राम चुनगढ़ी में विभिन्न विकास कार्यों के लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री सर्किट हाउस तिलसींचा, सूरजपुर में रात्रि विश्राम करेंगे।

रविवार, 18 जनवरी को सुबह 10:00 बजे मुख्यमंत्री अरुणोदय सूरजपुर के प्रतिभागियों से भेंट करेंगे। इसके पश्चात वे हेलीकॉप्टर से जशपुर जिले के ग्राम बगिया पहुंचेंगे, जहां अपने निज निवास पर आरक्षित समय रहेगा। दोपहर बाद मुख्यमंत्री रायपुर लौटेंगे।

मुख्यमंत्री के इस दौरे से सूरजपुर और जशपुर अंचल में विकास कार्यों को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

Youthwings