Chhattisgarh Morning News: उपराष्ट्रपति का रायपुर दौरा, भारी बारिश का अलर्ट और आज कमरछठ व्रत
Chhattisgarh Morning News: रायपुर में उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन का एक दिवसीय दौरा, कई जिलों में भारी बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट; वहीं आज माताएं संतान की लंबी उम्र के लिए रखेंगी कमरछठ का व्रत।
Chhattisgarh Morning News: छत्तीसगढ़ में आज का दिन कई अहम खबरों से जुड़ा है। उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन आज रायपुर पहुंचेंगे और एम्स रायपुर के तीसरे दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल होंगे। दूसरी ओर, बंगाल की खाड़ी में बने लो प्रेशर एरिया के प्रभाव से प्रदेश के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। वहीं आज छत्तीसगढ़ में कमरछठ यानी हलषष्ठी का पर्व भी मनाया जा रहा है।
1. उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन आज रायपुर में
उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन आज 2 सितंबर को एक दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे पर रायपुर आएंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वे सुबह करीब 10 बजे विशेष विमान से रायपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे।
इसके बाद वे सीधे एम्स रायपुर के लिए रवाना होंगे और करीब 10:45 बजे एम्स परिसर पहुंचेंगे। सुबह 11 बजे से एम्स रायपुर के तीसरे दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
दीक्षांत समारोह में विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियों के साथ विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की जाएंगी। कार्यक्रम के बाद दोपहर करीब 12:30 बजे उपराष्ट्रपति एम्स से रायपुर एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे और लगभग 1:30 बजे विशेष विमान से दिल्ली लौटेंगे।
उपराष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए रायपुर शहर में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
2. छत्तीसगढ़ में भारी बारिश का अलर्ट
बंगाल की खाड़ी में बने लो प्रेशर एरिया का असर छत्तीसगढ़ में आज भी दिखाई देने की संभावना है। मौसम विभाग ने प्रदेश के उत्तरी और मध्य हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
बारिश के दौरान गरज-चमक, आकाशीय बिजली और तेज हवाओं की स्थिति बन सकती है। मौसम प्रणाली के अगले 48 घंटे में उत्तरी ओडिशा, गंगीय पश्चिम बंगाल और झारखंड होते हुए पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने की संभावना जताई गई है।
3. रायपुर में कैसा रहेगा आज का मौसम?
रायपुर में आज आसमान सामान्यतः मेघमय रहने की संभावना है। शहर के कुछ हिस्सों में बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।
रायपुर में अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
4. इन जिलों में ऑरेंज और यलो अलर्ट
मौसम विभाग ने कई जिलों में भारी बारिश, गरज-चमक, आकाशीय बिजली और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है।
ऑरेंज अलर्ट वाले जिले: रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर।
इन क्षेत्रों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने के साथ बारिश और आकाशीय बिजली की संभावना जताई गई है।
इसके अलावा प्रदेश के कई अन्य जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है। इनमें सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, दुर्ग, बेमेतरा समेत कई जिले शामिल हैं।
5. मंगलवार को बलरामपुर में जमकर बरसे बादल
मंगलवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। बलरामपुर जिले में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हुई।
चांदो में सबसे ज्यादा 15 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। रामचंद्रपुर में 12 सेंटीमीटर, रामानुजगंज और वाड्रफनगर में 8-8 सेंटीमीटर, जबकि बलरामपुर, कुसमी, सामरी, रघुनाथनगर और राजपुर में 7-7 सेंटीमीटर बारिश हुई।
प्रदेश में मंगलवार को सबसे अधिक अधिकतम तापमान राजनांदगांव में 31 डिग्री सेल्सियस और सबसे कम न्यूनतम तापमान पेण्ड्रा रोड में 21.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
6. आज कमरछठ, संतान की लंबी उम्र के लिए माताएं रखेंगी व्रत
आज 2 सितंबर को छत्तीसगढ़ में कमरछठ यानी हलषष्ठी का पर्व मनाया जा रहा है। संतान की लंबी उम्र, सुख-समृद्धि और परिवार की मंगल कामना के लिए महिलाएं दिनभर उपवास रखेंगी।
छत्तीसगढ़ में इसे कमरछठ के नाम से जाना जाता है, जबकि दूसरे क्षेत्रों में इसे हलषष्ठी, हलछठ और चंदनछठ भी कहा जाता है।
व्रत के दौरान महिलाएं सगरी बनाकर उसमें छह प्रकार के खिलौने रखेंगी और पार्थिव शिवलिंग स्थापित कर पूजा करेंगी। पूजा में भैंस के दूध, दही और घी के साथ लाई, महुआ, तिल और अरहर सहित छह प्रकार के अन्न का भोग लगाया जाएगा।
कमरछठ की एक खास परंपरा यह है कि व्रत के दौरान हल से जुते खेत का अन्न नहीं खाया जाता। पूजा के बाद पसहर चावल और छह प्रकार की भाजी से तैयार प्रसाद ग्रहण कर व्रत खोला जाएगा।
