कांग्रेस विधायक का कथित ऑडियो वायरल, रेत माफिया से डील का दावा
जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ की राजनीति में एक नया विवाद गहराता नजर आ रहा है। पामगढ़ की कांग्रेस विधायक शेषराज हरबंश का एक कथित ऑडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस ऑडियो में उन्हें कथित तौर पर रेत माफिया से पैसों की डील करते और अफसरों को “सेट” करने की बात करते सुना जा सकता है।
अफसरों को “सेट” करने की बातचीत
वायरल ऑडियो में महिला आवाज कथित रूप से कहती सुनाई दे रही है—“2 लाख कलेक्टर को, 2 लाख एसडीएम को और 5 लाख मेरा… तभी काम करने देंगे।” दावा किया जा रहा है कि हर महीने 9 लाख रुपये के भुगतान की यह चर्चा रेत कारोबार को लेकर हुई।
रेत खनन पर डील का जिक्र
बताया जा रहा है कि बातचीत में पामगढ़ क्षेत्र की महानदी से अवैध रेत खनन का जिक्र है। कथित ऑडियो में विधायक और रोशन नामक व्यक्ति के बीच बातचीत सुनाई देती है, जिसमें रेत कारोबार से जुड़े सौदे और रकम पर सहमति बनती है। इसके अलावा राधेन्द्र नाम के एक अन्य व्यक्ति को 1 लाख रुपये देने की बात भी सामने आई है।
10 लाख रुपये तक की मासिक डील?
पूरे सौदे का आंकड़ा कथित तौर पर 10 लाख रुपये प्रतिमाह तक बताया गया है। इसमें रेत कारोबारियों से नियमित रूप से रकम लेने और उसका बंटवारा करने की बात कही गई है। हालांकि इस ऑडियो की प्रामाणिकता की अभी तक पुष्टि नहीं हुई है और न ही प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया दी गई है।
कांग्रेस पर विपक्ष का हमला
कथित ऑडियो सामने आने के बाद भाजपा और अन्य विपक्षी दलों ने कांग्रेस पर भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने का आरोप लगाना शुरू कर दिया है। उनका कहना है कि यह मामला प्रदेश में अफसर-नेता गठजोड़ का सबूत है।
विधायक की सफाई दोपहर 3 बजे
इस विवाद के बीच विधायक शेषराज हरबंश ने दोपहर 3 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाकर अपनी सफाई देने की घोषणा की है।
