छत्तीसगढ़ में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: 5 IAS अधिकारियों के प्रभार बदले; GPM को मिला नया कलेक्टर
छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रशासनिक व्यवस्था में बदलाव करते हुए भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के पांच अधिकारियों के प्रभार में फेरबदल किया है। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार कई अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, जबकि कुछ पदों पर नई नियुक्तियां की गई हैं। इस फेरबदल में गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (GPM) जिले के कलेक्टर का भी तबादला किया गया है।
GPM को मिला नया कलेक्टर
सरकार ने गौरेला-पेंड्रा-मरवाही के कलेक्टर संतोष कुमार देवांगन को उनके पद से हटाकर स्कूल शिक्षा विभाग में विशेष सचिव के पद पर पदस्थ किया है। वहीं विजय दयाराम को गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले का नया कलेक्टर नियुक्त किया गया है।
हेमंत नंदनवार को मिली नई जिम्मेदारी
आईएएस अधिकारी हेमंत रमेश नंदनवार (बैच 2020) को महासमुंद जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) पद से हटाकर तकनीकी शिक्षा, रोजगार एवं प्रशिक्षण विभाग का संचालक बनाया गया है। इसके साथ ही उन्हें छत्तीसगढ़ राज्य कौशल विकास प्राधिकरण के प्रबंध संचालक (MD) का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।
read more: PM आवास योजना की सूची में बड़ा खेल! आलीशान मकानों वालों के नाम भी शामिल
सुमित अग्रवाल बने SUDA के CEO
आईएएस अधिकारी सुमित अग्रवाल (बैच 2021), जो अब तक दुर्ग नगर निगम के आयुक्त के रूप में कार्यरत थे, उन्हें मुख्य कार्यपालन अधिकारी, छत्तीसगढ़ राज्य शहरी विकास अभिकरण (SUDA) की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके साथ ही रिमिजियस एक्का को इस अतिरिक्त प्रभार से मुक्त कर दिया गया है।
अनुपमा आनंद को पदोन्नति
आईएएस अधिकारी अनुपमा आनंद (बैच 2023), जो सरायपाली (महासमुंद) में एसडीएम के रूप में पदस्थ थीं, उन्हें पदोन्नत करते हुए जिला पंचायत महासमुंद का मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) नियुक्त किया गया है।
सरकार ने जारी किए आदेश
सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से जारी आदेश के अनुसार यह फेरबदल प्रशासनिक कार्यों को अधिक प्रभावी और सुचारु बनाने के उद्देश्य से किया गया है। नई पदस्थापनाओं के बाद संबंधित अधिकारी जल्द ही अपनी नई जिम्मेदारियां संभालेंगे।

