Chhattisgarh Gas Shortage: छत्तीसगढ़ में घरेलू गैस किल्लत की आशंका, एजेंसियों और गोदामों में तैनात किए गए पुलिस बल

Chhattisgarh Gas Shortage: छत्तीसगढ़ में घरेलू गैस की संभावित किल्लत को देखते हुए प्रशासन ने अलर्ट जारी कर दिया है। खाद्य विभाग की सचिव रीना बाबा साहब कंगाले की समीक्षा बैठक के बाद यह निर्णय लिया गया कि सभी गैस एजेंसियों और गोदामों में पुलिस बल या नगर सैनिक तैनात किए जाएँ।

विभाग को आशंका है कि यदि घरेलू गैस की किल्लत बढ़ी तो मांग के कारण अफरातफरी की स्थिति बन सकती है। इसी को ध्यान में रखते हुए सभी जिला कलेक्टरों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने क्षेत्रों में गैस एजेंसियों और गोदामों की सुरक्षा सुनिश्चित करें।

रायपुर पुलिस कमिश्नर के अनुसार, पेट्रोलिंग पार्टी लगातार गैस एजेंसियों और गोदामों की निगरानी कर रही है। छत्तीसगढ़ घरेलू गैस वितरण संघ के संरक्षक का कहना है कि शहर के बाहरी इलाकों में कुछ एजेंसियों पर हल्की भीड़ देखी गई है, लेकिन शहर के अंदर ऐसी स्थिति अभी नहीं है।

उपभोक्ताओं को बताया गया है कि यदि उन्होंने अभी तक अपना केवाईसी (KYC) पूरा नहीं किया है, तो इसे तुरंत करवाएं। केवाईसी के बाद उन्हें ओटीपी आएगा, जिसे दर्ज करने के बाद उन्हें घरेलू गैस की आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी।

प्रशासन का कहना है कि सभी उपायों के बावजूद नागरिकों को घबराने की जरूरत नहीं है, और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।

Youthwings