Chhattisgarh Ganja Taskari News: छत्तीसगढ़ में गांजा तस्करी पर बड़ा एक्शन, 6 अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार, 1 करोड़ से ज्यादा का गांजा जब्त
Chhattisgarh Ganja Taskari News: छत्तीसगढ़ में ‘सूखे नशे’ के कारोबारियों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस ऑपरेशन में 6 तस्करों को गिरफ्तार किया गया है और उनके पास से 1 करोड़ रुपये से अधिक कीमत का गांजा जब्त किया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सिंघोड़ा थाना पुलिस और एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा से उत्तर प्रदेश के चित्रकूट की ओर गांजा तस्करी की जा रही है। तस्कर पिकअप वाहन (OD 15 V 4676) में गांजा लेकर जा रहे थे, जबकि एक हुण्डई ऑरा कार (UP 96 Q 3658) पायलटिंग कर रही थी।
नाकेबंदी कर पकड़े गए तस्कर
सूचना के आधार पर पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग 53 स्थित रेहटीखोल इलाके में नाकेबंदी की। इस दौरान दोनों संदिग्ध वाहनों को रोका गया। पायलटिंग कार में 4 लोग सवार थे, जबकि पिकअप में 2 लोग मौजूद थे। सभी आरोपियों की उम्र 23 से 48 वर्ष के बीच बताई जा रही है।
जांच के दौरान पुलिस को बड़ा खुलासा हुआ। पिकअप वाहन में तरबूज के नीचे प्लास्टिक की बोरियों में गांजा छिपाकर रखा गया था, ताकि किसी को शक न हो। तलाशी लेने पर 9 बोरियों में भरे 213 पैकेट मिले, जिनका कुल वजन 225 किलो निकला।
1 करोड़ से ज्यादा कीमत का गांजा जब्त
जब्त किए गए गांजे की बाजार कीमत करीब 1 करोड़ 12 लाख 50 हजार रुपये आंकी गई है। गिरफ्तार आरोपियों में 2 मध्यप्रदेश और 4 उत्तर प्रदेश के निवासी बताए जा रहे हैं।
NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई
पुलिस ने इस अवैध तस्करी में इस्तेमाल दोनों वाहनों और 6 मोबाइल फोन को भी जब्त कर लिया है। मोबाइल फोन की जांच से तस्करों के नेटवर्क और संपर्कों की जानकारी जुटाई जाएगी।
आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 (बी) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई राज्य में बढ़ती गांजा तस्करी पर रोक लगाने और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए की गई है।
