DSP याकूब मेमन पर दुष्कर्म और ब्लैकमेल का आरोप, अफसर खुद को बताया हनीट्रैप का शिकार

रायपुर। बलरामपुर जिले में पदस्थ एसडीओपी डीएसपी याकूब मेमन पर दुष्कर्म और अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का गंभीर आरोप लगा है। रायपुर की एक महिला ने यह आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई है, जिसके आधार पर टिकरापारा थाने में मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। वहीं अधिकारी ने खुद पर लगे आरोपों को नकारते हुए महिला पर हनीट्रैप करने और मकान हड़पने की कोशिश का आरोप लगाया है।

पीड़िता का आरोप

महिला का कहना है कि रायपुर में पोस्टिंग के दौरान डीएसपी याकूब मेमन ने उसके साथ दुष्कर्म किया और इसका वीडियो बनाकर लगातार धमकाते रहे। महिला ने बताया कि वह टिकरापारा स्थित मेमन के मकान में किराए पर रहती थी। बलरामपुर में पदस्थापना होने के बाद भी दोनों के बीच संपर्क बना रहा।

डीएसपी का पलटवार

डीएसपी याकूब मेमन ने सरगुजा रेंज के आईजी को 12 सितंबर को शिकायत दी थी। इसमें उन्होंने दावा किया कि महिला ने पहले आर्थिक मदद मांगी और फिर नजदीकियां बढ़ाईं। उनका कहना है कि महिला ने वीडियो कॉल के दौरान उनका अर्धनग्न स्क्रीनशॉट लिया और इसी आधार पर ब्लैकमेल करना शुरू किया। डीएसपी का आरोप है कि महिला अब तक डेढ़ लाख रुपये वसूल चुकी है और उनके टिकरापारा स्थित मकान को अपने नाम करने का दबाव बना रही थी। मना करने पर महिला ने झूठे केस में फंसाने की धमकी दी।

जांच की शुरुआत

मामले का खुलासा सोमवार को तब हुआ जब महिला ने सीधे सरगुजा रेंज के आईजी से शिकायत की। प्रारंभिक जांच के बाद अंबिकापुर में जीरो पर केस दर्ज कर एफआईआर रायपुर को ट्रांसफर की गई। पुलिस ने टिकरापारा थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल दोनों पक्षों के आरोपों को देखते हुए पुलिस साक्ष्य जुटा रही है और जल्द ही बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई करेगी।

 

Youthwings