Chhattisgarh Dhan Kharidi Tokan News: धान बेचने के लिए ऑनलाइन टोकन बंद, अब सहकारी समितियों से मिलेगी बिक्री की तारीख
Chhattisgarh Dhan Kharidi Tokan News: छत्तीसगढ़ सरकार ने धान खरीदी व्यवस्था में बड़ा बदलाव करते हुए किसानों के लिए ऑनलाइन टोकन प्रणाली को बंद कर दिया है। अब राज्य के किसान धान बेचने के लिए ऑनलाइन आवेदन नहीं करेंगे, बल्कि सीधे सहकारी समिति या उपार्जन केंद्र से ऑफलाइन टोकन प्राप्त कर सकेंगे।
सरकार के नए फैसले के तहत किसान अपने नजदीकी धान उपार्जन केंद्र या सहकारी समिति में आवश्यक दस्तावेजों के साथ पहुंचकर बिक्री की तारीख का टोकन ले सकेंगे। इस बदलाव का उद्देश्य धान खरीदी प्रक्रिया को और अधिक सरल, सुचारु और किसानों के अनुकूल बनाना है।
प्रदेशभर में फिलहाल 2,740 धान उपार्जन केंद्रों के माध्यम से खरीदी की जा रही है। पूरी व्यवस्था डिजिटल निगरानी में संचालित हो रही है, जिससे पारदर्शिता बनी रहे और फर्जीवाड़े या बिचौलियों की भूमिका खत्म की जा सके। सरकार का दावा है कि इसका सीधा लाभ वास्तविक किसानों तक पहुंच रहा है।
अब तक छत्तीसगढ़ में 16.95 लाख से अधिक पंजीकृत किसानों से 93.12 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी की जा चुकी है। समर्थन मूल्य (MSP) के तहत किसानों को अब तक कुल 20,753 करोड़ रुपए की राशि सीधे उनके बैंक खातों में ट्रांसफर की जा चुकी है।
जिलेवार धान खरीदी (8 जनवरी तक)
महासमुंद में 6,33,291 क्विंटल, बेमेतरा 5,33,482 क्विंटल, बलौदाबाजार-भाठापारा 5,15,071 क्विंटल, बालोद 4,99,074 क्विंटल, रायपुर 4,66,249 क्विंटल, धमतरी 4,43,308 क्विंटल, राजनांदगांव 4,42,473 क्विंटल, बिलासपुर 4,21,142 क्विंटल, जांजगीर-चांपा 4,18,429 क्विंटल, कवर्धा 4,12,003 क्विंटल, दुर्ग 3,60,605 क्विंटल और गरियाबंद में 3,60,612 क्विंटल धान की खरीदी हुई है।
इसके अलावा मुंगेली 3,58,072 क्विंटल, रायगढ़ 3,42,528 क्विंटल, कांकेर 3,25,960 क्विंटल, सारंगढ़-बिलाईगढ़ 3,14,758 क्विंटल, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई 2,77,071 क्विंटल, सक्ती 2,70,468 क्विंटल, सूरजपुर 2,29,359 क्विंटल और सरगुजा 2,02,951 क्विंटल शामिल हैं।
बस्तर संभाग के जिलों में बस्तर 1,79,964 क्विंटल, कोंडागांव 1,97,106 क्विंटल, बीजापुर 59,583 क्विंटल, सुकमा 47,617 क्विंटल, नारायणपुर 24,022 क्विंटल और दंतेवाड़ा 10,238 क्विंटल धान की खरीदी दर्ज की गई है।
