Chhattisgarh Crime News: होली पर छत्तीसगढ़ में बवाल, बिलासपुर में ई-रिक्शा जली, सक्ती में घर में घुसकर आगजनी और तोड़फोड़
Chhattisgarh Crime News: छत्तीसगढ़ में होली के जश्न के बीच दो अलग-अलग जिलों से हिंसा और आगजनी की घटनाएं सामने आई हैं। बिलासपुर और सक्ती में हुए इन मामलों ने त्योहार के माहौल को तनावपूर्ण बना दिया। दोनों घटनाओं में पुलिस जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।
बिलासपुर में नशे में उत्पात, ई-रिक्शा फूंकी
बिलासपुर के कोनी थाना क्षेत्र के महामाया नगर में कुछ युवकों ने होली के दौरान जमकर हंगामा किया। आरोप है कि नशे में धुत युवकों ने एक खड़ी ई-रिक्शा में आग लगा दी। आग इतनी तेजी से फैली कि ई-रिक्शा पूरी तरह जलकर राख हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जा सके।
सक्ती में पुरानी रंजिश ने लिया हिंसक रूप
वहीं सक्ती जिले के मालखरौदा थाना क्षेत्र के गोरखापाली गांव में पुरानी रंजिश के चलते हिंसक वारदात सामने आई। आरोप है कि कुछ लोगों ने एक ग्रामीण के घर में घुसकर तोड़फोड़ की और आग लगा दी। आगजनी में ट्रैक्टर, पिकअप, तीन बाइक और डीजे सेट जलकर खाक हो गए। घटना के दौरान महिलाओं के साथ मारपीट की भी खबर है।
बताया जा रहा है कि शादी को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था, जो होली के दिन उग्र हो गया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम पहुंची और आग पर काबू पाया। गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर हालात को नियंत्रण में रखा गया है।
