Chhattisgarh Congress Rajya Sabha Candidate: छत्तीसगढ़ से कांग्रेस की राज्यसभा उम्मीदवार बनीं फूलो देवी नेताम, बस्तर की सीनियर नेता पर फिर जताया भरोसा
Chhattisgarh Congress Rajya Sabha Candidate: छत्तीसगढ़ में राज्यसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने बड़ा फैसला लिया है। पार्टी ने बस्तर की वरिष्ठ आदिवासी नेत्री फूलो देवी नेताम को एक बार फिर राज्यसभा के लिए उम्मीदवार घोषित किया है। यह उनका दूसरा कार्यकाल होगा, जिससे साफ है कि पार्टी नेतृत्व ने उन पर दोबारा भरोसा जताया है।
उम्मीदवारी की घोषणा के बाद फूलो देवी नेताम ने नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरण दास महंत से मुलाकात कर आशीर्वाद लिया। इस मुलाकात को संगठनात्मक एकजुटता के रूप में देखा जा रहा है।
फूलो देवी नेताम लंबे समय से कांग्रेस संगठन में सक्रिय रही हैं और आदिवासी समाज से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाती रही हैं। बस्तर अंचल में उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती है। पार्टी का मानना है कि उनका अनुभव और सामाजिक जुड़ाव राज्यसभा में प्रदेश की आवाज को प्रभावी ढंग से उठाने में मदद करेगा।
राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, कांग्रेस ने आदिवासी समाज को स्पष्ट संदेश देने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया है। राज्यसभा चुनाव में उनकी उम्मीदवारी से पार्टी संगठन में उत्साह का माहौल है।
