कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने फर्जी मुठभेड़ का लगाया आरोप : आदिवासी युवकों को नक्सली बताकर गोली मारी

रायपुर। नारायणपुर में कथित एनकाउंटर को लेकर कांग्रेस ने बड़ा आरोप लगाया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि अभय नेताम नक्सली नहीं था, बल्कि वह चिड़िया मारने गया था। बावजूद इसके उसे गोली मारी गई और अब इसे एनकाउंटर बताकर पेश किया जा रहा है। बैज ने सवाल उठाया कि आखिर इस फर्जी एनकाउंटर का जिम्मेदार कौन है और सरकार तथा गृहमंत्री अब तक खामोश क्यों हैं।

उन्होंने कहा कि गोली युवक की पीठ में लगी और आर-पार हो गई, इससे साफ है कि यह मुठभेड़ नहीं बल्कि फर्जी कार्रवाई है। बैज ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी इस मामले में आदिवासी संगठनों के साथ मिलकर बड़ा आंदोलन करेगी। साथ ही उन्होंने बताया कि पीसीसी ने मोहन मरकाम के नेतृत्व में जांच समिति गठित कर दी है। यदि सरकार ने जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई नहीं की तो आंदोलन तेज किया जाएगा।

वहीं, दीपक बैज ने चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर भी गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान वे भाजपा नेताओं की भाषा बोल रहे थे। उन्होंने चुनाव आयुक्त को तत्काल बर्खास्त करने की मांग की और कहा कि तभी निष्पक्ष चुनाव संभव हो पाएंगे।

Youthwings