छत्तीसगढ़ में नक्सलियों का बड़ा सरेंडर: 8-8 लाख के इनामी कमांडर सुनील और एरिना आत्मसमर्पण को तैयार
छत्तीसगढ़ में चल रहे व्यापक नक्सल उन्मूलन अभियान का असर अब बड़े पैमाने पर दिखाई देने लगा है। पुलिस और सुरक्षा बलों की सघन कार्यवाही के बीच शुक्रवार को गरियाबंद जिले में एक बड़ा आत्मसमर्पण होने जा रहा है।
जंगल से निकले सात कुख्यात नक्सली
मिली जानकारी के अनुसार, गरियाबंद, धमतरी और ओडिशा के नुवापाड़ा डिविजन में सक्रिय उदंती एरिया कमेटी के सात नक्सली आत्मसमर्पण के लिए जंगल से बाहर आ गए हैं।
इनमें एरिया कमांडर सुनील और सचिव एरिना शामिल हैं, जिन पर 8-8 लाख रुपये का इनाम घोषित है।
इसके अलावा कमेटी मेंबर लुद्रों, विद्या, नंदिनी और मलेश पर 5-5 लाख रुपये का इनाम है।
एसएलआर और इंसास जैसे हथियार भी करेंगे सुपुर्द
सूत्रों के मुताबिक, इन बड़े नक्सलियों के साथ 1 लाख की इनामी महिला नक्सली कांती भी सरेंडर करने जा रही है।
उनके पास से 1 एसएलआर राइफल, 3 इंसास गन और एक सिंगल शॉट हथियार बरामद हुए हैं, जिन्हें आत्मसमर्पण के दौरान पुलिस को सौंपा जाएगा।
पुलिस लाइन गरियाबंद में होगी प्रेस कॉन्फ्रेंस
इस पूरे घटनाक्रम को लेकर रायपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक और गरियाबंद एसपी निखिल राखेचा पुलिस लाइन गरियाबंद में प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे।
इस आत्मसमर्पण को जिला पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है, जो क्षेत्र में शांति स्थापना और नक्सलवाद की समाप्ति की दिशा में एक अहम कदम साबित होगा।
