CG Morning News: सीएम साय के आज के कार्यक्रम, AIIMS में रोबोटिक सर्जरी की शुरुआत, जन्माष्टमी पर नहीं खरीद पाएंगे Gold

रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ में आज मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का दौरा तय है। जारी मिनट-टू-मिनट प्रोटोकॉल के अनुसार, सीएम सुबह 10 बजे रायपुर स्थित सीएम हाउस से पुलिस परेड ग्राउंड के लिए रवाना होंगे और 10:30 बजे हेलिकॉप्टर से धरमजयगढ़ के लिए उड़ान भरेंगे।

11:15 बजे वे शासकीय कॉलेज मैदान हेलीपैड पहुंचेंगे और 11:25 बजे अटल परिसर में अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। इसके बाद 11:35 बजे दशहरा मैदान में लोकार्पण कार्यक्रम में शामिल होंगे। 11:45 बजे सांस्कृतिक गौरवगान, 12 बजे संस्कृति सेवियों, पुजारी, बैगा और गुनिया का सम्मान समारोह और 1 बजे स्व. दिलीप सिंह जूदेव की स्मृति व्याख्यान होगा। सीएम 2 बजे रायपुर लौटेंगे।

सुरक्षा को देखते हुए धरमजयगढ़ SDM ने हेलीपैड और कार्यक्रम स्थल के 3 किलोमीटर दायरे को नो-ड्रोन फ्लाई ज़ोन घोषित किया है। इस क्षेत्र में ड्रोन उड़ाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।

एम्स रायपुर में रोबोटिक सर्जरी की सुविधा शुरू होगी

अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) रायपुर में 6 सितंबर को रोबोटिक सर्जरी सुविधा की शुरुआत होगी. इसका शुभारंभ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय करेंगे. एम्स के कार्यपालक निदेशक अशोक जिंदल ने मुख्यमंत्री से उनके निवास कार्यालय में मुलाकात कर उन्हें कार्यक्रम के लिए आमंत्रित किया. इस दौरान एम्स के उपनिदेशक, प्रशासन लेफ्टिनेंट कर्नल धर्मवीर सिंह चौहान भी मौजूद रहे.
अशोक जिंदल ने बताया कि छत्तीसगढ़ समेत मध्यभारत के किसी भी सरकारी अस्पताल में यह सुविधा उपलब्ध नहीं है. मुख्यमंत्री ने एम्स की इस उपलब्धि की सराहना की और कार्यक्रम में शामिल होने की सहमति दी.

एम्स की चिकित्सा अधीक्षक प्रो. डॉ. रेणु राजगुरू ने बताया कि सुविधा शुरू करने से पहले यूरोलॉजी विभाग के डॉक्टरों ने रोबोटिक तकनीक से पांच सफल सर्जरी ट्रायल के रूप में पूरी कर ली हैं. इससे साबित हुआ है कि यह तकनीक न सिर्फ सटीक और तेज है, बल्कि मरीजों को भी कम समय में बेहतर उपचार मिल सकेगा. इससे एम्स में मरीजों की वेटिंग लिस्ट भी घटेगी.

राजधानी में आज के कार्यक्रम

  • राष्ट्रीय संगोष्ठी और चित्र प्रदर्शनी: साहित्य अकादमी छत्तीसगढ़ संस्कृति परिषद की ओर से भारत विभाजन विभीषिका दिवस पर राष्ट्रीय संगोष्ठी और चित्र प्रदर्शनी का आयोजन संस्कृति-पुरातत्व विभाग के मुक्ताकाश मंच परिसर में दोपहर 3.30 बजे से होगा.
  • एक शाम शहीदों के नाम: वंदे भारत ग्रुप शाम 6 बजे महाराजबंध तालाब चौक के पास महामाईपारा में कार्यक्रम आयोजित करेगा.
  • राजभाषा आयोग का स्थापना दिवस: छत्तीसगढ़ राजभाषा आयोग का 18वां स्थापना दिवस न्यू सर्किट हाउस सिविल लाइन में सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक मनाया जाएगा.

15 और 16 अगस्त को सराफा व्यवसाय बंद रहेगा
रायपुर सराफा एसोसिएशन ने घोषणा की है कि स्वतंत्रता दिवस (15 अगस्त) और श्रीकृष्ण जन्माष्टमी (16 अगस्त) पर शहर का सराफा बाजार पूरी तरह बंद रहेगा. 15 अगस्त को सुबह 10.30 बजे नाहटा मार्केट, सदर बाजार में ध्वजारोहण होगा. इस कार्यक्रम का आयोजन सदर बाजार व्यावसायिक संघ और रायपुर सराफा एसोसिएशन मिलकर करेंगे.

स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां पूरी
पुलिस परेड मैदान रायपुर में स्वतंत्रता दिवस समारोह की सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय 15 अगस्त को सुबह 9 बजे ध्वजारोहण करेंगे और परेड की सलामी लेंगे.
आज फुल ड्रेस रिहर्सल में मुख्यमंत्री के सुरक्षा अधिकारी ने मुख्य अतिथि की भूमिका निभाते हुए ध्वजारोहण और परेड निरीक्षण किया. इस मौके पर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम, एडीजी विवेकानंद सिन्हा, कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह और एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह मौजूद रहे.

समारोह में बीएसएफ, सीआरपीएफ, आईटीबीपी, सीआईएसएफ, एसएसबी, ओडिशा पुलिस, छसबल, जेल पुलिस, नगर सेना, एनसीसी, बैण्ड प्लाटून, घुड़सवार दल और महिला बैगपाइपर बैंड समेत 17 प्लाटून मार्च पास्ट करेंगी. इसके अलावा हॉर्स शो, बैगपाइपर बैंड और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी. करीब 780 स्कूली छात्र-छात्राएं सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश करेंगे, जिनमें लक्ष्मीनारायण कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय, सालेम इंग्लिश स्कूल और मदर्स प्राइड स्कूल रायपुर के बच्चे शामिल होंगे.

मुख्यमंत्री इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों को पुलिस पदक, गृह रक्षा एवं नागरिक सुरक्षा सराहनीय सेवा पदक, पुलिस महानिदेशक पुरस्कार और राज्य स्तरीय सम्मान भी प्रदान करेंगे.

Youthwings