छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों को मिलेगा अब बड़ा सम्मान: ओलंपिक प्रतिभागियों को मिलेगा 21 लाख की प्रोत्साहन राशि

रायपुर – छत्तीसगढ़ की खेल प्रतिभाओं को नई ऊर्जा और पहचान देने की दिशा में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने एक ऐतिहासिक कदम उठाया है। शुक्रवार को रायपुर के सर्किट हाउस सभागार में आयोजित छत्तीसगढ़ ओलंपिक एसोसिएशन की वार्षिक आमसभा में उन्होंने घोषणा की कि राज्य से ओलंपिक में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को 21 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।

खेलों को मिलेगा नया बल

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है, बस उन्हें दिशा देने की ज़रूरत है। सरकार ऐसे खिलाड़ियों को आगे लाने के लिए हरसंभव कदम उठा रही है। ❝ ओलंपिक जैसे वैश्विक मंच पर छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों का पहुंचना गर्व की बात है। अब उन्हें 21 लाख रुपये की सहायता देकर हम उनके संघर्ष और समर्पण को सम्मानित करेंगे। ❞

इस प्रकार मिलेंगे राशि :

ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेताओं को अब 3 करोड़ रुपए की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी, वहीं रजत पदक विजेताओं को 2 करोड़ रुपए और कांस्य पदक विजेताओं को 1 करोड़ रुपए का इनाम मिलेगा। इसके साथ ही सभी प्रतिभागियों को भी 21 लाख रुपए की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। इस पहल से खिलाड़ियों को न केवल आर्थिक सहयोग मिलेगा, बल्कि उन्हें सम्मान और हौसले की भी नई उड़ान मिलेगी।

वार्षिक आमसभा में कई अहम फैसले

इस मौके पर हुई बैठक में वर्ष 2024-25 की ऑडिट रिपोर्ट, 2025-26 के बजट का अनुमोदन, और नए ऑडिटर की नियुक्ति जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर भी चर्चा की गई। इस अवसर पर राज्य के कई वरिष्ठ नेता, अधिकारी, मंत्री और खेल जगत से जुड़े प्रतिनिधि मौजूद रहे।

सम्मान समारोहों की होगी वापसी

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि पूर्व में बंद हो चुके “खेल अलंकरण समारोह” को फिर से शुरू किया गया है और “उत्कृष्ट खिलाड़ी सम्मान समारोह” की शुरुआत भी जल्द होगी। यह कदम राज्य के खिलाड़ियों को सम्मान देने और प्रोत्साहन देने की दिशा में अहम साबित होगा।

 

Youthwings