सहायक शिक्षक भर्ती: डीएड अभ्यर्थियों का प्रदर्शन, 1316 रिक्त पदों पर 6वीं लिस्ट जारी करने की मांग तेज़

रायपुर। छत्तीसगढ़ में सहायक शिक्षक भर्ती 2023 के तहत 1316 रिक्त पदों पर जल्द नियुक्ति की मांग को लेकर डीएड/डिप्लोमा अभ्यर्थियों का प्रदर्शन जारी है। आज बड़ी संख्या में अभ्यर्थी एकात्म परिसर स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंचे और वहां प्रदर्शन कर सुप्रीम कोर्ट और हाईकोर्ट के आदेशों का पालन कराने की मांग की।

अभ्यर्थियों ने बताया कि भर्ती के पंचम चरण में कुल 2615 अभ्यर्थियों को 1:1 आधार पर बुलाया गया था, जिनमें से 1299 को ही नियुक्ति मिल सकी, जबकि 1316 पद अब भी खाली हैं। अभ्यर्थियों का आरोप है कि इस प्रक्रिया में कई नॉन-डीएड और अपात्र उम्मीदवारों को भी शामिल किया गया था।

पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों को बस में भरकर तूता क्षेत्र में छोड़ दिया, लेकिन उनका आक्रोश थमा नहीं है। उन्होंने कहा कि विभाग बार-बार मांग उठाने के बावजूद छठवें चरण की काउंसलिंग शुरू नहीं कर रहा है, जबकि भर्ती की वैधता 1 जुलाई 2025 तक है।

कोर्ट की सख्ती और विभाग की चुप्पी
29 मई को हुई सुनवाई में कोर्ट ने विभाग से जवाब तलब किया, लेकिन सरकारी वकील कोई जवाब नहीं दे सके। जज ने नाराज़गी जताते हुए नोटिस जारी किया और 9 जून को अगली सुनवाई की तारीख तय की है। कोर्ट ने स्पष्ट रूप से पूछा है कि छठवीं सूची अब तक क्यों जारी नहीं की गई।

984 पदों पर अब तक किसी को नियुक्ति नहीं
अभ्यर्थियों ने बताया कि कुल 984 ऐसे पद हैं जिन पर अब तक किसी को नियुक्ति नहीं दी गई है। इस मामले पर हाईकोर्ट ने 8 मई को नोटिस जारी कर विभाग से 15 दिनों में जवाब मांगा है।

क्या हैं अभ्यर्थियों की मांगें?

  • 1316 रिक्त पदों पर तुरंत छठवीं सूची जारी हो
  • 984 स्थायी रिक्त पदों को भी इस प्रक्रिया में जोड़ा जाए
  • कुल 2300 पदों पर एक साथ प्रक्रिया शुरू हो
  • कोर्ट के आदेश का पालन हो और योग्य अभ्यर्थियों को नियुक्ति मिले

नेताओं से भी मिल चुके हैं अभ्यर्थी
इससे पहले भी अभ्यर्थी रायपुर में कई बार प्रदर्शन कर चुके हैं। वे कैबिनेट मंत्रियों और भाजपा नेताओं से मिलकर अपनी समस्याएं बता चुके हैं। इसके बावजूद अब तक कोई ठोस आश्वासन या कार्रवाई नहीं हुई

Youthwings