छत्तीसगढ़ विधानसभा में राम मंदिर चढ़ावा चोरी पर बवाल, भूपेश बघेल ने बताया कितना किया था दान

छत्तीसगढ़ विधानसभा

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र के पहले दिन सदन की कार्यवाही भावुक माहौल में शुरू हुई। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने हाल ही में दिवंगत हुईं पद्म विभूषण एवं पंडवानी की महान कलाकार तीजन बाई के निधन की सूचना सदन को दी। सत्ता पक्ष और विपक्ष के सभी सदस्यों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। दिवंगत आत्मा के सम्मान में सदन की कार्यवाही पांच मिनट के लिए स्थगित की गई।

प्रश्नकाल में उठा बी.एड.-डी.एड. कॉलेजों का मुद्दा

कार्यवाही दोबारा शुरू होने के बाद प्रश्नकाल में विधायक लता उसेंडी ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति और महेंद्र कर्मा विश्वविद्यालय में संचालित बी.एड. एवं डी.एड. पाठ्यक्रमों को लेकर सवाल उठाए। उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा ने जवाब देते हुए बताया कि विश्वविद्यालय में दोनों पाठ्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि विश्वविद्यालय में 265 पद स्वीकृत हैं, जिनमें फिलहाल 29 पदों पर नियुक्ति हुई है। शेष पदों पर भर्ती प्रक्रिया जल्द शुरू करने की बात मंत्री ने कही।

भर्ती शिकायतों की जांच पर सरकार का जवाब

लता उसेंडी ने भर्ती प्रक्रिया से जुड़ी शिकायतों की जांच का मुद्दा भी सदन में उठाया। इस पर मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा कि शिकायतों की जांच कराई गई थी और उसकी रिपोर्ट राज्यपाल को भेजी गई। रिपोर्ट पर आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर उसे नस्तीबद्ध कर दिया गया है।

उत्कृष्ट विधायक और पत्रकार सम्मान की घोषणा

विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने सत्र के दौरान उत्कृष्टता अलंकरण की भी घोषणा की।

सम्मानित होने वालों में शामिल हैं:

धरमलाल कौशिक – सत्ता पक्ष से उत्कृष्ट विधायक
राघवेंद्र सिंह – विपक्ष से उत्कृष्ट विधायक
संतराम साहू (पत्रिका) – प्रिंट मीडिया में उत्कृष्ट पत्रकार
सौरभ सिंह परिहार और राजेश राज (IBC24) – इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में संयुक्त रूप से उत्कृष्ट पत्रकार

READ MORE : छत्तीसगढ़ विधानसभा मानसून सत्र: सरकार के खिलाफ कांग्रेस का मोर्चा, अविश्वास प्रस्ताव समेत कई मुद्दों पर होगी घेराबंदी

राम मंदिर चढ़ावा चोरी पर विपक्ष का स्थगन प्रस्ताव

प्रश्नकाल के बाद विपक्ष ने अयोध्या स्थित राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी के मामले को लेकर स्थगन प्रस्ताव पेश किया। इस मुद्दे पर सदन में सत्ता पक्ष और विपक्ष आमने-सामने आ गए। स्थगन प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस हुई और नारेबाजी भी देखने को मिली। हंगामे के बीच विधानसभा अध्यक्ष ने स्थगन प्रस्ताव को अग्राह्य कर दिया।

भूपेश बघेल और धरमलाल कौशिक के बीच हुई तीखी बहस

बहस के दौरान भाजपा विधायक धरमलाल कौशिक ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से सवाल किया कि उन्होंने राम मंदिर निर्माण के लिए कितना दान दिया है। इस पर भूपेश बघेल ने सदन में जवाब देते हुए कहा कि उन्होंने श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट, अयोध्या को 1 लाख 21 हजार रुपये की राशि दान स्वरूप दी है।

हंगामे के कारण दोबारा स्थगित हुई कार्यवाही

राम मंदिर के मुद्दे पर लगातार जारी हंगामे और नारेबाजी के बीच सदन की कार्यवाही एक बार फिर पांच मिनट के लिए स्थगित करनी पड़ी। पहले ही दिन विधानसभा का माहौल काफी गरम रहा और आने वाले दिनों में भी राजनीतिक टकराव तेज रहने के संकेत मिले हैं।

कल सुबह 11 बजे तक सदन की कार्रवाई स्थगित:

राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी के मुद्दे पर सदन में जोरदार हंगामा देखने को मिला। इस मामले को लेकर विपक्षी विधायकों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सदन के भीतर विरोध प्रदर्शन किया। हंगामा बढ़ने और लगातार शोर-शराबे के कारण विधानसभा की कार्यवाही सुचारु रूप से नहीं चल सकी। आखिरकार विधानसभा अध्यक्ष ने भारी हंगामे के बीच सदन की कार्यवाही स्थगित कर दी। अब विधानसभा की अगली बैठक मंगलवार सुबह 11 बजे से होगी।

Youthwings