व्यापम के बाद CGPSC ने भी परीक्षाओं के लिए लागू किया सख्त ड्रेस कोड , जैमर और मेटल डिटेक्टर की भी व्यवस्था

CGPSC

CGPSC

रायपुर: छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) ने अपनी आगामी परीक्षाओं में पारदर्शिता और अनुशासन बनाए रखने के उद्देश्य से सख्त ड्रेस कोड और सुरक्षा नियम लागू करने की घोषणा की है। आयोग द्वारा हाल ही में जारी अधिसूचना के अनुसार, अब परीक्षार्थी केवल आधी बांह के हल्के रंगों वाले कपड़े पहनकर ही परीक्षा में शामिल हो सकेंगे। साथ ही, उन्हें सिर्फ स्लीपर पहनने की अनुमति होगी।

गहरे रंगों पर प्रतिबंध

परीक्षा के दौरान काला, मैरून, गहरा नीला, हरा, जामुनी, बैंगनी, चॉकलेटी जैसे सभी गहरे रंगों के कपड़े पहनने पर प्रतिबंध लगाया गया है। पीएससी ने इन निषिद्ध रंगों की सूची अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर भी प्रकाशित की है। यह कदम परीक्षा में नकल और अनुचित साधनों के उपयोग को रोकने के लिए उठाया गया है।

सुरक्षा व्यवस्था होगी हाईटेक

बिलासपुर में हाल ही में आयोजित उप अभियंता भर्ती परीक्षा के दौरान हाईटेक नकल के मामलों के सामने आने के बाद यह फैसला लिया गया है। अब तक पीएससी और व्यापम की परीक्षाओं में जैमर का इस्तेमाल नहीं होता था, लेकिन अब परीक्षाओं में जैमर का प्रयोग अनिवार्य कर दिया गया है ताकि किसी भी इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस का इस्तेमाल न किया जा सके। इसके साथ ही अभ्यर्थियों की जांच मेटल डिटेक्टर से की जाएगी, जिससे सूक्ष्मतम उपकरण भी पकड़े जा सकें।

परीक्षा के दौरान कक्ष नहीं छोड़ सकेंगे परीक्षार्थी

नए नियमों के तहत परीक्षार्थी परीक्षा समाप्त होने से पहले कक्ष नहीं छोड़ सकेंगे। यदि किसी अभ्यर्थी की तबीयत खराब होती है या चिकित्सीय आपातकाल की स्थिति बनती है, तो उसे अस्पताल ले जाया जा सकेगा, लेकिन उस दौरान दो वीक्षक उसके साथ मौजूद रहेंगे। वे यह सुनिश्चित करेंगे कि परीक्षा से संबंधित कोई अनुचित गतिविधि न हो।

Youthwings