CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में फिर बदलेगा मौसम का मिजाज! 19 सितंबर से बारिश और वज्रपात की चेतावनी, जानिए अपने जिले का हाल

Chhattisgarh weather update

CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में इन दिनों मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में मौसम भले ही शुष्क रहा हो, लेकिन आने वाले दिनों में बारिश का दौर एक बार फिर जोर पकड़ने वाला है। मौसम विभाग के मुताबिक, 19 सितंबर से प्रदेश में बारिश के वितरण और तीव्रता में काफी बढ़ोतरी होने की संभावना जताई गई है।

पिछले 24 घंटे में कैसा रहा तापमान और बारिश?l

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, बीते 24 घंटों में प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की से बहुत हल्की बारिश दर्ज की गई। अब तक मानसूनी बारिश का आंकड़ा सामान्य से करीब 5 प्रतिशत कम रहा है।

तापमान की बात करें तो:

सबसे गर्म शहर: दुर्ग में प्रदेश का अधिकतम तापमान सबसे ज्यादा 34.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

सबसे ठंडा इलाका: पेंड्रा रोड में सबसे कम न्यूनतम तापमान 21.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

अगले 24 घंटों का मौसम और बिजली गिरने का अलर्ट

मौसम विभाग ने बताया है कि अगले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। हालांकि, इस दौरान एक-दो स्थानों पर मेघगर्जन के साथ वज्रपात (बिजली गिरने) की चेतावनी दी गई है। आने वाले दो दिनों तक प्रदेश के कुछ हिस्सों में यही स्थिति बनी रहेगी, इसलिए लोगों को खुले मैदानों में जाते समय सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

राजधानी रायपुर का मौसम कैसा रहेगा?

बात करें राजधानी रायपुर की, तो 17 सितंबर को शहर में आकाश आंशिक रूप से मेघमय (बादल छाए रहने) की संभावना है। रायपुर में अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

कुल मिलाकर, फिलहाल दो दिनों तक बारिश की गतिविधियां थोड़ी सीमित रहेंगी, लेकिन 19 सितंबर से प्रदेशभर में झमाझम बारिश और मेघगर्जन का नया दौर शुरू होने जा रहा है।

Youthwings