CG LPG Cylinder Complaint Number: सिलेंडर की कालाबाजारी दिखे तो तुरंत करें शिकायत, खाद्य सचिव ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर
CG LPG Cylinder Complaint Number: छत्तीसगढ़ में एलपीजी गैस, डीजल और पेट्रोल की उपलब्धता और आपूर्ति व्यवस्था को लेकर मंत्रालय महानदी भवन में अहम समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग की सचिव Reena Baba Saheb Kangale ने की। इस दौरान विभिन्न ऑयल कंपनियों के अधिकारियों के साथ राज्य में पेट्रोलियम उत्पादों की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की गई।
राज्य में एलपीजी गैस का पर्याप्त स्टॉक
बैठक में बताया गया कि छत्तीसगढ़ में संचालित सभी 5 एलपीजी बॉटलिंग प्लांट में घरेलू गैस का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर की आपूर्ति सामान्य रूप से जारी है। सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गैस की दैनिक आपूर्ति और वितरण व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जाए, ताकि उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
अस्पताल और शैक्षणिक संस्थानों को प्राथमिकता
ऑयल कंपनियों के अधिकारियों ने बैठक में बताया कि फिलहाल कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर केवल आवश्यक संस्थानों जैसे अस्पतालों और शैक्षणिक संस्थानों को ही उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इस पर सचिव कंगाले ने निर्देश दिया कि परीक्षा का समय चल रहा है, इसलिए स्कूलों, कॉलेजों और छात्रावासों को गैस सिलेंडर की आपूर्ति हर हाल में सुनिश्चित की जाए।
होटलों को सीमित सप्लाई पर विचार
बठक में यह भी सुझाव दिया गया कि मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए कमर्शियल गैस की करीब 15 प्रतिशत सप्लाई होटलों और अन्य आवश्यक प्रतिष्ठानों को भी देने पर विचार किया जा सकता है, ताकि जरूरी सेवाओं से जुड़े संस्थानों को परेशानी न हो।
कालाबाजारी और अवैध रिफिलिंग पर सख्ती
खाद्य सचिव ने जिलों में एलपीजी गैस के दुरुपयोग और अवैध गैस रिफिलिंग को रोकने के लिए सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने जिला प्रशासन को आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कार्रवाई करने को कहा, ताकि गैस की कालाबाजारी और अनियमितताओं पर रोक लगाई जा सके।
डीजल-पेट्रोल की भी समीक्षा
बैठक में डीजल, पेट्रोल और सीएनजी गैस की उपलब्धता की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने जानकारी दी कि राज्य के सभी डिपो में इन पेट्रोलियम उत्पादों का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है। इसके साथ ही वितरण व्यवस्था पर भी नियमित निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।
शिकायत के लिए जारी किया हेल्पलाइन नंबर
खाद्य सचिव ने प्रदेशवासियों को भरोसा दिलाया कि राज्य में एलपीजी गैस और पेट्रोलियम उत्पादों की किसी तरह की कमी नहीं है। यदि किसी उपभोक्ता को गैस सप्लाई या वितरण से संबंधित कोई समस्या होती है, तो वह टोल फ्री नंबर 1800-233-3663 पर शिकायत दर्ज करा सकता है।
