CG Constable Bharti Result 2025: पुलिस भर्ती विवाद पर डिप्टी सीएम ने सुनी अभ्यर्थियों की बात, जांच और कार्रवाई का दिया भरोसा

CG Constable Bharti Result 2025: छत्तीसगढ़ में हाल ही में आयोजित पुलिस आरक्षक भर्ती परीक्षा को लेकर उठे विवाद और कथित अनियमितताओं के बीच राज्य सरकार ने अभ्यर्थियों से सीधा संवाद स्थापित किया है। उपमुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री विजय शर्मा ने रायपुर के सिविल लाइन स्थित अपने शासकीय निवास पर पुलिस आरक्षक भर्ती के अभ्यर्थियों से वन-टू-वन चर्चा कर उनकी शिकायतें सुनीं।

इस दौरान राज्य के विभिन्न जिलों से आए बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने भर्ती प्रक्रिया, मेरिट सूची, शारीरिक दक्षता परीक्षा और अंकों के निर्धारण को लेकर अपनी आपत्तियां और शंकाएं गृहमंत्री के समक्ष रखीं। बैठक में सभी जिलों के एडिशनल एसपी रैंक के अधिकारी भी उपस्थित रहे, जिन्होंने नियमों और प्रक्रियाओं के तहत अभ्यर्थियों के सवालों के जवाब दिए।

गौरतलब है कि पुलिस आरक्षक भर्ती परीक्षा सितंबर माह में आयोजित की गई थी, जिसमें कुल 5,967 पदों के लिए परीक्षा ली गई थी। परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद कई अभ्यर्थियों ने चयन प्रक्रिया में गड़बड़ी और अनियमितताओं के आरोप लगाए थे। इन शिकायतों को लेकर 19 और 20 दिसंबर को पुलिस मुख्यालय स्तर पर अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (ADG) द्वारा भी अभ्यर्थियों से चर्चा की गई थी।

अभ्यर्थियों की बात सुनने के बाद उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने स्पष्ट किया कि सरकार किसी भी तरह की अनियमितता को बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने कहा, “यदि जांच में यह सामने आता है कि किसी स्तर पर नियमों के विपरीत कार्य हुआ है या कोई गलती हुई है, तो निश्चित रूप से कार्रवाई की जाएगी। और यदि कोई गड़बड़ी नहीं पाई जाती है, तो अभ्यर्थियों को पूरी जानकारी देकर संतुष्ट किया जाएगा।”

गृहमंत्री ने यह भी कहा कि राज्य सरकार पारदर्शी और निष्पक्ष भर्ती प्रक्रिया के लिए प्रतिबद्ध है। आवश्यकता पड़ने पर सुधारात्मक कदम उठाए जाएंगे और भविष्य में अधिक पदों पर भर्ती की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी, ताकि योग्य युवाओं को अवसर मिल सके।

इस संवाद के बाद कई अभ्यर्थियों में भरोसा और संतोष देखने को मिला। भर्ती विवाद के बीच सरकार द्वारा अभ्यर्थियों से सीधे संवाद को एक सकारात्मक और महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

Youthwings