CBSE में बड़ी कार्रवाई: चेयरमैन और सचिव का तबादला; ऑन-स्क्रीन मार्किंग में गड़बड़ी पर जांच समिति गठित

CBSE में बड़ी कार्रवाई

केंद्र की मोदी सरकार ने केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) से जुड़े मामलों में बड़ा प्रशासनिक कदम उठाया है। ऑन-स्क्रीन मार्किंग (OSM) प्रणाली में कथित अनियमितताओं के सामने आने के बाद CBSE के चेयरमैन राहुल सिंह और सचिव हिमांशु गुप्ता का तबादला कर दिया गया है।

जांच के लिए उच्चस्तरीय समिति का गठन

सरकार की ओर से मामले की विस्तृत जांच के लिए एक विशेष समिति का गठन भी किया गया है। इस समिति की अध्यक्षता कैपेसिटी बिल्डिंग कमीशन (CBC) की प्रमुख एस. राधा चौहान को सौंपी गई है। आवश्यकता पड़ने पर समिति अन्य विभागों के विशेषज्ञों की भी मदद ले सकेगी।

इसके साथ ही समिति को प्रशासनिक सहायता उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी भी CBC को दी गई है। समिति को एक महीने के भीतर अपनी जांच रिपोर्ट कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (DoPT) को सौंपनी होगी।

क्या है ऑन-स्क्रीन मार्किंग सिस्टम

CBSE की ऑन-स्क्रीन मार्किंग व्यवस्था के तहत छात्रों की उत्तर पुस्तिकाओं को स्कैन कर डिजिटल माध्यम से मूल्यांकन किया जाता है। बोर्ड का दावा है कि इस प्रणाली से मूल्यांकन तेज और निष्पक्ष होता है, लेकिन इसके लागू होने के बाद से कई तरह की शिकायतें सामने आई हैं।

छात्रों और अभिभावकों की शिकायतें

कई छात्रों और अभिभावकों ने आरोप लगाया है कि डिजिटल मूल्यांकन के बाद प्राप्त अंकों में अनियमितता देखने को मिली है। कुछ का कहना है कि री-इवैल्यूएशन प्रक्रिया में पारदर्शिता की कमी रही, जबकि कुछ छात्रों ने दावा किया कि उनके उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन में गलतियां हुईं।

इसके अलावा स्कैनिंग में तकनीकी दिक्कतें, कॉपियों की अस्पष्ट छवियां, अंक दर्ज करने में त्रुटियां और डिजिटल जांच प्रक्रिया की सीमाओं को लेकर भी शिकायतें दर्ज कराई गई हैं।

सरकार की सख्ती, सुधार की उम्मीद

मामले की गंभीरता को देखते हुए सरकार ने जांच प्रक्रिया तेज कर दी है। समिति की रिपोर्ट आने के बाद CBSE की मूल्यांकन प्रणाली में बड़े बदलाव किए जाने की संभावना जताई जा रही है।

 

Youthwings