बड़ी खबर: भाजपा के सभी मंत्रियों ने दिया इस्तीफा, जानें वजह…

गुजरात की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल को छोड़कर राज्य सरकार के सभी अन्य मंत्री ने अपने पदों से इस्तीफा दे दिया है। राज्य सरकार में कुल 16 मंत्रियों ने इस्तीफा दिया है। यह कदम कैबिनेट विस्तार की तैयारी के तहत उठाया गया है। सूत्रों के अनुसार, शुक्रवार दोपहर 12:39 बजे नए मंत्रिमंडल का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित होगा।

नए मंत्रियों की संभावनाएँ

जानकारी के अनुसार, मंत्रिमंडल विस्तार में लगभग 5 पुराने मंत्रियों को बरकरार रखा जा सकता है, जबकि कई पुराने चेहरे बाहर हो सकते हैं। वहीं, कैबिनेट में 16 नए चेहरों को शामिल किए जाने की संभावना है। इसमें दो महिला नेताओं के मंत्री बनाए जाने की भी उम्मीद जताई जा रही है। नई कैबिनेट में कुल 20 से 23 सदस्य होने की संभावना है।

पीएम मोदी और अमित शाह संग बैठक

हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने गुजरात भाजपा नेतृत्व के साथ लंबी बैठक की थी। बैठक में कैबिनेट विस्तार और संगठन में नए चेहरों की भूमिका पर चर्चा हुई। सूत्रों के अनुसार, पीएम मोदी चाहते हैं कि नए मंत्रियों को जनता से जुड़ने का मौका मिले और वे दिवाली के पहले अपने कार्यभार का प्रभावी ढंग से निर्वाह करें।

कैबिनेट गठन का नियम

गुजरात की वर्तमान मंत्रिपरिषद में मुख्यमंत्री समेत 17 मंत्री हैं, जिनमें से 8 कैबिनेट स्तर के और 8 राज्य मंत्री हैं। विधानसभा में कुल 182 सदस्य हैं और कानूनन मंत्रियों की अधिकतम संख्या सदस्यों के 15% यानी 27 मंत्री हो सकती है। इस महीने की शुरुआत में राज्य मंत्री जगदीश विश्वकर्मा केंद्रीय मंत्री सीआर पाटिल की जगह भाजपा अध्यक्ष बने थे। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने 12 दिसंबर 2022 को दूसरी बार गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी।

Youthwings