BJP MP Double Voting Controversy: पहले दिल्ली फिर बिहार! ‘डबल वोटिंग’ पर BJP नेता घिरे, विपक्ष बोला– खुली चोरी!
BJP MP Double Voting Controversy: बिहार विधानसभा चुनाव के बीच एक नया विवाद सामने आया है। विपक्षी दलों ने बीजेपी नेता और राज्यसभा सांसद राकेश सिन्हा पर दो अलग-अलग राज्यों — दिल्ली और बिहार — में मतदान करने का आरोप लगाया है। आम आदमी पार्टी (AAP), राष्ट्रीय जनता दल (RJD) और कांग्रेस ने इसे ‘वोट चोरी का सबूत’ बताते हुए भाजपा पर तीखा हमला बोला है।
विपक्ष का आरोप – “बीजेपी कर रही है खुली चोरी”
AAP नेता सौरभ भारद्वाज ने सोशल मीडिया पर राकेश सिन्हा की दो अलग-अलग पोस्टों के स्क्रीनशॉट साझा किए।
पहली पोस्ट में वे 5 फरवरी 2025 को दिल्ली विधानसभा चुनाव में वोट डालते दिख रहे हैं, जबकि दूसरी पोस्ट में गुरुवार को बिहार में मतदान करते नजर आ रहे हैं।
भारद्वाज ने तंज कसते हुए लिखा —
“वे दिल्ली यूनिवर्सिटी में पढ़ाते हैं, तो फिर बिहार में पता कैसे दिखा सकते हैं? बीजेपी पकड़े जाने पर सुधरती नहीं, बल्कि चोरी खुलकर करती है।”
AAP ने यह भी आरोप लगाया कि बीजेपी दिल्ली पूर्वांचल मोर्चा अध्यक्ष संतोष ओझा और कार्यकर्ता नागेंद्र कुमार ने भी दिल्ली और बिहार दोनों जगह वोट डाले हैं।
इस आरोप के बाद सोशल मीडिया पर भाजपा को विपक्षी दलों के निशाने पर आना पड़ा।
राकेश सिन्हा का जवाब – “यह राजनीति का निचला स्तर है”
बीजेपी सांसद राकेश सिन्हा ने विपक्ष के आरोपों को पूरी तरह खारिज करते हुए कहा कि उन्होंने दिल्ली से अपना वोटर कार्ड हटाकर बिहार के बेगूसराय जिले के मानसपुर गांव में ट्रांसफर करा लिया है।
उन्होंने सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया देते हुए लिखा —
“कभी नहीं सोचा था कि राजनीति इतनी नीचे गिर सकती है। जो लोग संविधान का सम्मान करने वालों की निष्ठा पर सवाल उठा रहे हैं, उन्हें बोलने से पहले सौ बार सोचना चाहिए। मेरा नाम पहले दिल्ली की वोटर लिस्ट में था, लेकिन अब जब मैं बिहार की राजनीति में सक्रिय हूँ, तो मैंने इसे गांव में ट्रांसफर करा लिया है। क्या मैं इस झूठे आरोप पर मानहानि का केस करूं?”
सिन्हा ने कहा कि विपक्ष तथ्यों को जाने बिना केवल भ्रम फैलाने का काम कर रहा है और चुनावी माहौल में यह एक सोची-समझी रणनीति है।
मामला क्यों हुआ विवादित?
दरअसल, दिल्ली में 5 फरवरी को हुए मतदान में राकेश सिन्हा की फोटो वायरल हुई थी, जिसमें वे वोट डालते दिखाई दे रहे थे।
इसके बाद बिहार में भी उनके वोट डालने की पोस्ट सामने आई, जिससे विपक्ष को बीजेपी पर “डबल वोटिंग” का आरोप लगाने का मौका मिल गया।
हालांकि, निर्वाचन आयोग ने अब तक इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।
वहीं बीजेपी नेताओं ने कहा कि विपक्ष झूठे आरोपों के सहारे चुनावी नैरेटिव को भटकाने की कोशिश कर रहा है।
