बीजेपी के वॉट्सऐप ग्रुप से दो पदाधिकारी बाहर, कांग्रेस नेता स्क्रीन शॉट शेयर कर बोले-“अनुशासनहीनता की खुली पोल”

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के आंतरिक वॉट्सऐप मीडिया ग्रुप से अचानक दो सक्रिय पदाधिकारी अनुराग अग्रवाल और अमित चिमनानी को बाहर कर दिया गया। इन दोनों नेताओं को ग्रुप से हटाने की वजह को लेकर पार्टी नेताओं ने चुप्पी साध ली है। लेकिन इस कदम ने राजनीतिक हलचल तेज कर दी है। खासकर विपक्षी कांग्रेस ने इसे तुरंत मुद्दा बनाते हुए भाजपा पर आंतरिक मतभेद और अनुशासनहीनता के आरोप जड़े हैं।

कांग्रेस का हमला: “भाजपा में गुटबाजी चरम पर”

कांग्रेस नेता धनंजय ठाकुर ने सोशल मीडिया पर वॉट्सऐप ग्रुप का स्क्रीनशॉट और संबंधित वीडियो शेयर किया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा में अंदरूनी कलह लगातार बढ़ रही है। ठाकुर ने कहा—
जो पार्टी खुद को अनुशासन का प्रतीक बताती है, उसके कार्यकर्ताओं की आपसी खींचतान अब खुलेआम सामने आ रही है।

कांग्रेस प्रवक्ताओं का कहना है कि भाजपा के भीतर गुटबाजी इतनी गहराई तक पहुंच चुकी है कि कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को एक-दूसरे से भिड़ने में देर नहीं लग रही।

पुराने विवाद भी गिनाए गए

धनंजय ठाकुर ने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा में “सिर फुटव्वल” मचा हुआ है। उन्होंने याद दिलाया कि कुछ समय पहले कार्यकर्ता सम्मान समारोह के दौरान मंच पर ही पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर गुस्से में मोमेंटो और गमछा फेंककर चले गए थे।

इसके अलावा कांग्रेस ने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा नेता नरेश गुप्ता पहले ही सोशल मीडिया पर भाजपा की कार्यशैली के खिलाफ आक्रोश जता चुके हैं। ऐसे उदाहरण बताते हैं कि पार्टी का अनुशासन केवल दिखावा है।

बीजेपी की चुप्पी

इस पूरे मामले पर भाजपा नेताओं ने अब तक कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। न तो पदाधिकारियों को ग्रुप से हटाए जाने की वजह बताई गई है और न ही कांग्रेस के आरोपों का जवाब दिया गया है। राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा तेज है कि पार्टी के भीतर चल रही खींचतान अब सोशल मीडिया और आंतरिक मंचों पर भी साफ दिखाई देने लगी है।

Youthwings