बिलासपुर में सीएम दौरे के दौरान भाजपा नेत्री और पुलिस में बहस, सर्किट हाउस में हंगामा
बिलासपुर। बिलासपुर में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के दौरे के दौरान रविवार रात सर्किट हाउस परिसर में हंगामा हो गया। भाजपा नेत्री गौरी गुप्ता को अंदर जाने से रोके जाने पर उनकी और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के बीच तीखी बहस हो गई।
जानकारी के अनुसार, गौरी गुप्ता ने खुद को प्रदेश युवा मोर्चा की उपाध्यक्ष बताते हुए पुलिस के रवैये पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि उन्हें रोकना प्रोटोकॉल के खिलाफ है और पुलिसकर्मियों को फटकार लगाते हुए कहा कि वरिष्ठ अधिकारी भी उन्हें नहीं रोकते।
घटना के दौरान कुछ समय के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया। बाद में एक अन्य भाजपा नेता के हस्तक्षेप के बाद गौरी गुप्ता को सर्किट हाउस के अंदर प्रवेश की अनुमति दी गई।
इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें भाजपा नेत्री और पुलिसकर्मियों के बीच हुई बहस साफ देखी जा सकती है। घटना को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है।
