Bilaspur VHP Leader Arrested: बिलासपुर में विहिप नेता पर दुष्कर्म का आरोप, पुलिस ने किया गिरफ्तार

Bilaspur VHP Leader Arrested: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर से एक गंभीर आपराधिक मामला सामने आया है। विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के जिला विभाग मंत्री राजीव शर्मा को दुष्कर्म के आरोप में पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पीड़ित महिला की शिकायत पर सरकंडा थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई की।

शादी का झांसा देकर बनाए संबंध

पीड़िता का आरोप है कि वर्ष 2021 से आरोपी राजीव शर्मा ने उससे शादी का वादा कर अवैध संबंध बनाए। महिला के अनुसार, आरोपी उसे बार-बार अपने घर ले जाता था, जहां उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए जाते थे। विरोध करने पर मारपीट और मानसिक प्रताड़ना भी की जाती थी।

पति से अलग रह रही थी पीड़िता

जानकारी के मुताबिक पीड़िता शादीशुदा है और एक बच्चे की मां है। वह कुछ समय से अपने पति से अलग रह रही थी। इसी दौरान आरोपी ने उसकी मजबूरी का फायदा उठाकर उसे अपने जाल में फंसाया और लंबे समय तक शोषण किया।

शिकायत के बाद पुलिस ने की कार्रवाई

लगातार शोषण और प्रताड़ना से परेशान होकर पीड़िता ने मामले की शिकायत पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से की। एसएसपी के निर्देश पर सरकंडा थाना पुलिस ने दुष्कर्म का प्रकरण दर्ज किया और जांच के बाद आरोपी राजीव शर्मा को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी एक निजी सुरक्षा गार्ड कंपनी का संचालक भी बताया जा रहा है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

Youthwings