स्मार्ट सिटी की बड़ी कार्रवाई: ठेकेदार कंपनियों पर करोड़ों का जुर्माना, ठेका निरस्त
बिलासपुर। बिलासपुर स्मार्ट सिटी ने लापरवाही बरतने वाले ठेका कंपनियों पर कड़ी कार्रवाई की है। काम को लटका कर रखने वाले ठेकेदारों पर करोड़ों रुपये का अर्थदंड लगाया गया है, साथ ही ठेका भी निरस्त कर दिया गया है। इस कार्रवाई से ठेकेदार कंपनियों में हड़कंप मच गया है।
गणपति इंफ्रास्ट्रक्चर पर 3.10 करोड़ का जुर्माना
अरपा उत्थान एवं तट संवर्धन योजना के तहत नदी की बांयी ओर इंदिरा सेतु से पुराने पुल तक सड़क, रिटेनिंग वाल, नाला और समतलीकरण कार्य का जिम्मा मेसर्स गणपति इंफ्रास्ट्रक्चर को दिया गया था। लगभग 49.94 करोड़ रुपये की इस योजना का काम निर्धारित समयावधि में पूरा नहीं हुआ।
धीमी रफ्तार को देखते हुए कंपनी पर पहले 37.50 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया था, लेकिन इसके बाद भी प्रगति नहीं हुई। आखिरकार 14 अगस्त को एमडी अमित कुमार के निर्देश पर कंपनी पर 2.99 करोड़ रुपये का अर्थदंड लगाया गया और ठेका निरस्त कर दिया गया। इस प्रकार कंपनी पर कुल 3 करोड़ 10 लाख 32 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया गया है।
श्रद्धा कंस्ट्रक्शन पर 64 लाख का दंड
इसी तरह अरपा नदी में दूषित जल रोकने के लिए मंगला क्षेत्र में 10 एमएलडी और 6 एमएलडी क्षमता के दो एसटीपी का काम श्रद्धा कंस्ट्रक्शन को मिला था। परियोजना की लागत क्रमशः 13.54 करोड़ और 8.69 करोड़ रुपये है। कार्य की धीमी गति और नोटिस के बावजूद सुधार न होने पर कंपनी पर अलग-अलग चरणों में पेनाल्टी लगाई गई।
- 10 एमएलडी एसटीपी पर 7% की दर से 94.78 लाख रुपये
- 6 एमएलडी एसटीपी पर 7% की दर से 60.83 लाख रुपये
- 19 मई 2025 को 3% की दर से 26.07 लाख रुपये
इस प्रकार श्रद्धा कंस्ट्रक्शन पर कुल 64.09 लाख रुपये का अर्थदंड लगाया गया है।
अटल पथ के लिए नया टेंडर
स्मार्ट सिटी ने अरपा तट संवर्धन योजना के अंतर्गत इंदिरा सेतु से नए पुल तक सड़क निर्माण के लिए 9.73 करोड़ रुपये का नया टेंडर जारी किया है। इस मार्ग को अटल पथ नाम दिया जाएगा।
