ड्रोन से निगरानी कर पुलिस ने सिरगिट्टी में 10 नशेड़ियों को दबोचा

बिलासपुर। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को और प्रभावी बनाने के लिए पुलिस ने ड्रोन कैमरे की मदद से निगरानी शुरू कर दी है। इसी कड़ी में बीती रात पुलिस ने सिरगिट्टी क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए नशे के अड्डों की पहचान की और एक साथ कई स्थानों पर दबिश देकर 10 युवकों को धर दबोचा।

 

कार्रवाई अतिरिक्त सतर्कता के साथ सीएसपी निमितेश सिंह और सिरगिट्टी थाना प्रभारी किशोर केंवट के नेतृत्व में की गई। ड्रोन कैमरे के माध्यम से चुचुहियापारा, तिफरा और सिरगिट्टी के अतिसंवेदनशील इलाकों में सक्रिय नशे के अड्डों का पता लगाया गया। इसके बाद पुलिस ने एक साथ कई स्थानों पर छापेमारी कर नशा करते हुए 10 युवकों को मौके से पकड़ा।

 

कार्रवाई के दौरान क्या हुआ?

 

कुल 10 नशेड़ियों को हिरासत में लिया गया। मौके पर ही उन्हें सार्वजनिक रूप से उठक-बैठक कराकर सख्त चेतावनी दी गई। सभी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत विधिवत अपराध दर्ज किया गया। संदिग्ध रूप से घूमने वाले कुछ अन्य लोगों को समझाइश देकर कड़ी चेतावनी के साथ छोड़ दिया गया।

 

पुलिस की इस अचानक और सख्त कार्रवाई से इलाके में नशाखोरी करने वालों में हड़कंप मच गया है। स्थानीय लोगों ने पुलिस के इस कदम का स्वागत करते हुए इसे क्षेत्र में कानून-व्यवस्था मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नशे के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। ड्रोन और अन्य तकनीक की मदद से अपराधियों पर सतत नजर रखी जाएगी और ऐसे अड्डों पर कड़ी कार्रवाई की जाती रहेगी।

Youthwings