Bike Theft Gang Busted: बाइक चोरी गैंग का भंडाफोड़, मास्टरमाइंड समेत 4 आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर। शहर में बढ़ते बाइक चोरी के मामलों के बीच पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एसीसीयू टीम ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कार्रवाई करते हुए बिलासपुर, जांजगीर और दुर्ग में सक्रिय एक गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की 6 बाइक और तीन खरीददारों को भी पकड़ा गया है।

 

एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर टीम ने करीब 300 सीसीटीवी फुटेज खंगालकर संदिग्धों की पहचान की। जांच के दौरान मुख्य आरोपी साहिल मरावी का सुराग मिला, जिसे मस्तूरी क्षेत्र से हिरासत में लिया गया। शुरुआत में आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने पूरे गिरोह का खुलासा कर दिया।

 

पूछताछ में सामने आया कि आरोपी अपने साथियों के साथ मिलकर अलग-अलग जिलों में बाइक चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। गिरोह के तार दुर्ग और जांजगीर तक फैले हुए थे। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने बिलासपुर के सरकंडा, सिविल लाइन और कोतवाली क्षेत्र से चार, दुर्ग के मोहन नगर से एक और जांजगीर से एक बाइक चोरी की थी।

 

पुलिस ने गिरोह के पास से करीब 2 लाख रुपये कीमत की 6 बाइक बरामद की है। साथ ही चोरी की बाइक खरीदने वाले रघुनंदन साहू, नंदकुमार रजक और सोनू केंवट को भी गिरफ्तार किया गया है। ये लोग बिना दस्तावेज के 20 से 25 हजार रुपये में बाइक खरीदते थे।

 

गिरफ्तार आरोपियों में साहिल मरावी के साथ निलेश शुक्ला, हिमांशु जगत और रितेश सेन शामिल हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। एसएसपी ने इस सफलता पर टीम को नकद इनाम देने की घोषणा की है।

Youthwings