बीजापुर में प्रशासनिक कार्रवाई के विरोध में विधायक विक्रम मंडावी का प्रदर्शन, तहसील कार्यालय का घेराव

बीजापुर। नए बस स्टैंड के पीछे की गई जिला प्रशासन की हालिया कार्रवाई के विरोध में आज बीजापुर विधायक विक्रम मंडावी ने नगर के करीब सात वार्डों का दौरा किया। कार्रवाई में तोड़े गए मकानों से प्रभावित परिवारों के साथ विधायक ने तहसील कार्यालय का घेराव किया और जमीन पर बैठकर धरना-प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन के दौरान “तानाशाही नहीं चलेगी” और “जिला प्रशासन होश में आओ” जैसे नारे लगाए गए, जिससे इलाके में राजनीतिक और प्रशासनिक हलचल तेज हो गई।

प्रशासन की कार्रवाई को बताया अमानवीय

विधायक मंडावी ने प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर पीड़ित परिवारों से मुलाकात की और कहा कि बिना वैकल्पिक व्यवस्था किए लोगों के आशियाने तोड़ना अमानवीय और जनविरोधी कदम है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन ने मानवीय संवेदनाओं को नजरअंदाज करते हुए कार्रवाई की है।

चार सूत्रीय मांगें रखीं

धरना-प्रदर्शन के दौरान विधायक और ग्रामीणों ने प्रशासन के सामने चार प्रमुख मांगें रखीं—

  1. तोड़े गए मकानों का उचित मुआवजा तत्काल दिया जाए।
  2. प्रभावित परिवारों को पानी, बिजली और सड़क जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
  3. बेघर हुए परिवारों को स्थायी रूप से पुनर्वास दिया जाए।
  4. भविष्य में बसे हुए लोगों के घरों को अतिक्रमण के नाम पर न तोड़ा जाए

मांगें नहीं मानी तो आंदोलन तेज करने की चेतावनी

धरने के दौरान तहसील कार्यालय के आसपास बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए प्रशासनिक अमला और पुलिस बल तैनात किया गया। फिलहाल प्रशासन की ओर से मांगों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं निकला तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

Youthwings