बीजापुर में नक्सलवाद को करारा झटका: 1.45 करोड़ के इनामी 52 नक्सली मुख्यधारा में लौटे
बीजापुर में नक्सलवाद को करारा झटका
बीजापुर : छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में नक्सलवाद के खिलाफ एक बड़ी और निर्णायक सफलता दर्ज की गई है। जिले में कुल 52 नक्सलियों ने सामूहिक रूप से आत्मसमर्पण कर हिंसा और आतंक का रास्ता छोड़ दिया है। सभी आत्मसमर्पित नक्सली राज्य सरकार की पुना मार्गेम पुनर्वास योजना के तहत समाज की मुख्यधारा में शामिल होंगे।
पुलिस और सीआरपीएफ की मौजूदगी में किया सरेंडर
इन नक्सलियों ने बीजापुर एसपी और सीआरपीएफ के वरिष्ठ अधिकारियों के समक्ष आत्मसमर्पण किया। उन्होंने सुरक्षाबलों के सामने स्पष्ट रूप से कहा कि वे अब बंदूक की जगह शांति और विकास का रास्ता अपनाना चाहते हैं।
1.45 करोड़ के इनामी नक्सलियों ने छोड़ा संगठन
आत्मसमर्पण करने वालों में ऐसे नक्सली भी शामिल हैं, जिन पर कुल मिलाकर 1 करोड़ 45 लाख रुपये का इनाम घोषित था। खास बात यह है कि इनमें नक्सल संगठन के उच्च कैडर से जुड़े माओवादी भी शामिल हैं, जिससे संगठन की अंदरूनी ताकत को बड़ा झटका लगा है।
एंटी नक्सल ऑपरेशन और सरकारी योजनाओं का असर
बीजापुर एसपी जितेंद्र यादव ने बताया कि यह सफलता सीआरपीएफ और जिला पुलिस द्वारा चलाए जा रहे लगातार एंटी नक्सल अभियानों और सरकार की भरोसेमंद पुनर्वास योजनाओं का नतीजा है। नक्सल प्रभावित इलाकों में सुरक्षा के साथ-साथ विकास कार्यों ने भी लोगों का भरोसा बढ़ाया है।
read more: 12वीं पास के लिए बड़ी भर्ती: क्लर्क और जूनियर असिस्टेंट के 10,644 पदों पर आज से आवेदन शुरू
