Bihar BJP Candidate List 2025: बीजेपी की पहली लिस्ट जारी, 71 उम्मीदवारों के नाम घोषित; नंद किशोर यादव का कटा टिकट
Bihar BJP Candidate List 2025
Bihar BJP Candidate List 2025: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपनी पहली उम्मीदवार सूची जारी कर दी है। मंगलवार, 14 अक्टूबर 2025 को जारी इस सूची में कुल 71 प्रत्याशियों के नाम शामिल हैं। इस बार पार्टी ने बड़े स्तर पर बदलाव करते हुए कई वरिष्ठ नेताओं का टिकट काट दिया है। इनमें पटना साहिब से सात बार के विधायक नंद किशोर यादव और मंत्री रामसूरत राय के नाम प्रमुख हैं।
सूत्रों के अनुसार, एनडीए में सीट बंटवारे के बाद बीजेपी को 101 सीटें मिली हैं। बाकी बची सीटों के लिए उम्मीदवारों की घोषणा पार्टी दूसरी सूची में करेगी। पहली लिस्ट में पार्टी ने नए चेहरों को भी मौका दिया है। पटना साहिब से अब रत्नेश कुशवाहा को उम्मीदवार बनाया गया है, जबकि नंद किशोर यादव को टिकट नहीं मिला है।
कई दिग्गजों का कटा टिकट
नंद किशोर यादव के अलावा मंत्री मोतीलाल प्रसाद (रीगा) और रामसूरत राय (औराई) को इस बार पार्टी ने टिकट नहीं दिया है। वहीं, बीजेपी ने स्वास्थ्य मंत्री और एमएलसी मंगल पांडेय को सीवान से उम्मीदवार बनाया है। दिलचस्प बात यह है कि जेडीयू के पूर्व सांसद सुनील पिंटू की घर वापसी के बाद उन्हें सीतामढ़ी से टिकट दिया गया है।
खजौली सीट से अरुण शंकर प्रसाद को उम्मीदवार बनाया गया है, जबकि पहले इस सीट पर उपेंद्र कुशवाहा के खेमे के उम्मीदवार के उतरने की चर्चा थी।
प्रमुख उम्मीदवारों की सूची
बेतिया से रेणु देवी
सीवान से मंगल पांडेय
दरभंगा से संजय सरावगी
बेगूसराय से कुंदन कुमार
भागलपुर से रोहित पांडेय
लखीसराय से विजय कुमार सिन्हा
दीघा से संजीव चौरसिया
बांकीपुर से नितिन नबीन
दानापुर से रामकृपाल यादव
आरा से संजय सिंह टाइगर
गया शहर से प्रेम कुमार
जमुई से श्रेयसी सिंह
इसके अलावा, तारापुर से सम्राट चौधरी, बिहारशरीफ से सुनील कुमार, औरंगाबाद से त्रिविक्रम सिंह और कटिहार से तारकिशोर प्रसाद को उम्मीदवार बनाया गया है।
भारतीय जनता पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति द्वारा बिहार विधानसभा चुनाव-2025 के लिए चयनित सभी प्रत्याशियों को हार्दिक बधाई एवं विजयश्री की अग्रिम शुभकामनाएं।#आएगी_NDA pic.twitter.com/vENiqKpx1w
— BJP Bihar (@BJP4Bihar) October 14, 2025
टिकट कटने पर नंद किशोर यादव की प्रतिक्रिया
पटना साहिब से टिकट कटने के बाद नंद किशोर यादव ने पूरी शालीनता के साथ पार्टी के निर्णय को स्वीकार किया। उन्होंने कहा, “मैं भारतीय जनता पार्टी के निर्णय के साथ हूं। पार्टी ने मुझे बहुत कुछ दिया है, मुझे कोई शिकायत नहीं है। नई पीढ़ी का स्वागत और अभिनंदन करता हूं। पटना साहिब की जनता ने मुझे सात बार विधायक चुना, मैं उनके स्नेह और समर्थन के लिए सदैव आभारी रहूंगा।” बीजेपी की इस पहली सूची ने चुनावी माहौल में हलचल मचा दी है। अब सभी की निगाहें पार्टी की दूसरी सूची पर टिकी हैं, जिसमें शेष 30 उम्मीदवारों के नाम घोषित किए जाएंगे।
मैं भारतीय जनता पार्टी के निर्णय के साथ हूँ। भारतीय जनता पार्टी ने मुझे बहुत कुछ दिया है । मुझे पार्टी से कोई शिकायत नहीं है ।नई पीढ़ी का स्वागत है अभिनंदन है ।
पटना साहिब विधान सभा के लोगों ने मुझे लगातर 7 बार विजयी बनाया है ।उन्होंने भाजपा उम्मीदवार के रूप में जो स्नेह और… pic.twitter.com/dDRRcxILDE
— Nand Kishore Yadav (@nkishoreyadav) October 14, 2025
