बड़ी खबर: माओवादियों का ब्रेन कहा जाने वाला गणपति नेपाल से गिरफ्तार, बस्तर में 15 नक्सलियों के आत्मसमर्पण की तैयारी
जगदलपुर | बड़ी खबर: दुर्दांत नक्सली और माओवादी संगठन का ब्रेन माने जाने वाले पोलित ब्यूरो सदस्य गणपति को नेपाल से गिरफ्तार किए जाने की खबर सामने आई है। गणपति वर्ष 2004 से 2018 तक माओवादी संगठन की सेंट्रल कमेटी के महासचिव रहे हैं। उनकी गिरफ्तारी को नक्सली संगठन के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।
2018 में स्वास्थ्य कारणों से छोड़ा था महासचिव पद
बताया जाता है कि गणपति माओवादी संगठन के सबसे वरिष्ठ और प्रभावशाली नेताओं में शामिल रहे हैं। उन्होंने वर्ष 2018 में बढ़ती उम्र और स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए महासचिव पद छोड़ दिया था। इसके बाद संगठन की कमान नंबाला केशव राव उर्फ बसवराजू को सौंप दी गई थी।
चार दशक तक अंडरग्राउंड रहकर संभाली कमान
गणपति करीब चार दशकों तक अंडरग्राउंड रहकर माओवादी गतिविधियों का संचालन करते रहे। संगठन के भीतर उन्हें वैचारिक और रणनीतिक स्तर पर बेहद प्रभावशाली नेता माना जाता रहा है।
बस्तर में नक्सलियों की मांद में अंतिम प्रहार
इधर बस्तर क्षेत्र में भी नक्सलियों के खिलाफ बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। जानकारी के मुताबिक पूर्वी बस्तर डिवीजन कमेटी के 15 नक्सली आत्मसमर्पण करने की तैयारी में हैं। ये सभी डीवीसीएम स्तर के नक्सली बताए जा रहे हैं, जो अपने साथ हथियार लेकर पहुंचे हैं।
एक-दो दिन में पुलिस कर सकती है पेश
सूत्रों के अनुसार आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों को एक-दो दिन के भीतर पुलिस मीडिया के सामने पेश कर सकती है। इसे बस्तर में नक्सलवाद के खिलाफ चल रही कार्रवाई में बड़ी सफलता के रूप में देखा जा रहा है।
