Bhupesh Baghel vs Dhirendra Shastri: भूपेश बघेल की धीरेंद्र शास्त्री को चुनौती, “छत्तीसगढ़ के महापुरुषों के साथ करें शास्त्रार्थ”
Bhupesh Baghel vs Dhirendra Shastri: हनुमंत कथा के लिए भिलाई पहुंचे पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के बयान को लेकर छत्तीसगढ़ की सियासत गरमा गई है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने उनके बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए तीखा हमला बोला है। धीरेंद्र शास्त्री द्वारा भूपेश बघेल को विदेश चले जाने की सलाह देने पर बघेल ने इसे अपमानजनक और बचकाना बयान बताया।
भूपेश बघेल ने कहा कि पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री छत्तीसगढ़ में सिर्फ पैसा कमाने आते हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “जब धीरेंद्र शास्त्री का जन्म भी नहीं हुआ था, तब से मैं हनुमान चालीसा का पाठ कर रहा हूं। मेरा बेटा भी उनसे उम्र में 10 साल बड़ा है। कल का बच्चा हमें सनातन धर्म सिखाएगा?”
पूर्व मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि छत्तीसगढ़ संतों, महापुरुषों और सामाजिक समरसता की भूमि है। यहां कबीर साहेब और गुरु घासीदास की वाणी गूंजती है। यह प्रदेश शांति का टापू है, जहां नफरत की राजनीति नहीं चल सकती।
भूपेश बघेल ने धीरेंद्र शास्त्री को खुली चुनौती देते हुए कहा कि यदि उनमें साहस है तो वे छत्तीसगढ़ के किसी भी साधु-संत से शास्त्रार्थ कर लें। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर लोग तथाकथित ‘दिव्य दरबार’ से ही ठीक हो जाते हैं, तो फिर मेडिकल कॉलेज खोलने की जरूरत क्यों पड़ रही है।
बघेल ने यह भी आरोप लगाया कि धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री भारतीय जनता पार्टी के एजेंट की तरह काम कर रहे हैं और उन्हें दूसरे राज्यों में जाकर भी ऐसे बयान देने की हिम्मत दिखानी चाहिए। उनके इस बयान के बाद प्रदेश की राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई है।
