सिंगल क्लिक और खातों में पहुंचे 311 करोड़! सावन में सीएम मोहन यादव ने प्रदेशवासियों को दिया रक्षाबंधन का बड़ा तोहफा

भोपाल। रक्षाबंधन और सावन के पावन पर्व से ठीक पहले मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मध्य प्रदेश के लाखों बुजुर्गों, दिव्यांगों और लाड़ली बहनों को बड़ा वित्तीय उपहार दिया है। मुख्यमंत्री ने सोमवार 11 अगस्त को मंत्रालय से सिंगल क्लिक के जरिए प्रदेश के पात्र हितग्राहियों के बैंक खातों में 311 करोड़ रुपये की राशि सीधे भेजी। यह राशि सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना और प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत जारी की गई है।

मंत्रालय में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में सीएम डॉ. मोहन यादव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेशभर के जिलों में मौजूद हितग्राहियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि त्योहारों के अवसर पर सबसे पहले बुजुर्गों और बहनों को खुशियां देना ही सरकार का संकल्प है। अंत्योदय और समाज के अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाना ही सरकार की पहली प्राथमिकता है।

35 लाख से अधिक बुजुर्गों-दिव्यांगों को पेंशन

सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत 35 लाख 25 हजार से अधिक पात्र हितग्राहियों के खातों में जुलाई 2026 की पेंशन राशि के रूप में 211 करोड़ 53 लाख रुपये भेजे गए।

22 लाख बहनों को गैस सिलेंडर रिफिल सब्सिडी

सावन और रक्षाबंधन के उपलक्ष्य में प्रदेश की 22 लाख 20 हजार से अधिक बहनों के खातों में प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत अप्रैल और मई 2026 की गैस रिफिल प्रोत्साहन राशि के 99 करोड़ रुपये अंतरित किए गए।

सावन बहनों का महीना, खुश होंगी बहनें तो घर में रहेगी रौनक: CM

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि सावन का महीना बहनों का होता है। बहनें खुश रहेंगी तो पूरे परिवार और घर में रौनक बनी रहेगी। इसीलिए रक्षाबंधन का उपहार अभी से देना शुरू कर दिया गया है।

इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने आगामी हरियाली तीज, स्वतंत्रता दिवस और रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए प्रदेशवासियों से ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के तहत अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराने का आह्वान किया।

Youthwings