वरिष्ठ पत्रकार उचित शर्मा के पिता भवानी शंकर शर्मा का निधन, जीवनभर समाजसेवा और मानवीय मूल्यों के प्रति रहे समर्पित
वरिष्ठ पत्रकार उचित शर्मा के पिता का निधन
रायपुर। वरिष्ठ पत्रकार उचित शर्मा के पिता और खाद्य विभाग के सेवानिवृत्त अधिकारी श्री भवानी शंकर शर्मा का बुधवार, 15 अक्टूबर को निधन हो गया। उनके निधन से न केवल परिवार, बल्कि सामाजिक और पत्रकारिता जगत में भी गहरा शोक व्याप्त है।
स्वर्गीय भवानी शंकर शर्मा अपने पीछे एक संघर्षशील, संस्कारित और स्नेहमयी परिवार छोड़ गए हैं। वे उचित शर्मा, प्रशांत शर्मा, विक्रांत शर्मा, अभिलाषा भट्ट, रचना शर्मा और प्रगति शर्मा के पिता थे। इसके अलावा वे अनीश भट्ट, संतोष शर्मा और संजीव शर्मा के ससुर थे।
मिलनसार और सौम्य व्यक्तित्व के धनी
भवानी शंकर शर्मा अपने मृदुभाषी स्वभाव, सरलता और समाजसेवी दृष्टिकोण के लिए जाने जाते थे। जीवन के हर पड़ाव पर उन्होंने ईमानदारी, सेवा और मानवता को सर्वोपरि रखा। परिवार के साथ-साथ समाज में भी वे सभी के प्रिय थे।
नेत्रदान कर बने प्रेरणा का स्रोत
अपने जीवनकाल में ही स्वर्गीय शर्मा ने नेत्रदान की घोषणा कर समाज के लिए एक प्रेरक उदाहरण प्रस्तुत किया। उनके निधन के बाद नेत्रदान की प्रक्रिया पूर्ण की गई, जिससे दो लोगों को नई दृष्टि प्राप्त होगी। उनकी अंतिम इच्छा का सम्मान करते हुए, परिवार के सदस्यों ने भी नेत्रदान करने का संकल्प लिया और कहा कि वे शीघ्र ही डिक्लेरेशन की प्रक्रिया पूरी करेंगे।
