सबसे बड़ा नक्सल समर्पण आज: पूरा माड़ डिवीजन करेगा सरेंडर, लीडर रूपेश के साथ 130 नक्सली भैरमगढ़ में डालेंगे हथियार

पूरा माड़ डिवीजन करेगा सरेंडर

पूरा माड़ डिवीजन करेगा सरेंडर

बीजापुर जिले में गुरुवार को देश का अब तक का सबसे बड़ा नक्सल समर्पण कार्यक्रम होने जा रहा है। इस ऐतिहासिक मौके पर नक्सल संगठन के प्रवक्ता और डीकेएसजेडसी (DKSZC) नेता रूपेश उर्फ सतीश उर्फ आसन्ना अपने करीब 130 साथियों के साथ आत्मसमर्पण करेंगे।

माड़ डिवीजन की पूरी टीम डालेगी हथियार

सूत्रों के अनुसार, माड़ डिवीजन के नक्सलियों की पूरी टीम लगभग 70 से ज्यादा हथियारों के साथ आत्मसमर्पण के लिए इंद्रावती नदी के पार से भैरमगढ़ पहुंचेगी। कार्यक्रम के दौरान नक्सली शांति और मुख्यधारा में लौटने की इच्छा जताते हुए हथियार डालेंगे।

शांति वार्ता की अपील करने वाला वही नेता करेगा समर्पण

नक्सल प्रवक्ता रूपेश वही व्यक्ति हैं जिन्होंने कुछ समय पहले केंद्र सरकार को पत्र लिखकर नक्सल विरोधी अभियान को 6 महीनों के लिए रोकने और शांति वार्ता शुरू करने की अपील की थी। अब उनका यह आत्मसमर्पण इस अपील को एक ठोस कदम में बदलने जा रहा है।

पुलिस ने की चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था

आत्मसमर्पण कार्यक्रम को लेकर बीजापुर पुलिस प्रशासन ने पूरी तैयारी कर ली है। नक्सलियों को इंद्रावती नदी पार कर सुरक्षित रूप से लाने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। भैरमगढ़ और आसपास के क्षेत्रों में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके।

Youthwings