शादी वाले घर में घुसा भालू, पी गया पूरा तेल – छत से बनाया गया वीडियो वायरल

कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के दशपुर गांव में बीती रात एक शादी समारोह में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक भालू अचानक खाने की तलाश में वहां आ धमका। भालू को देखते ही लोग डर के मारे इधर-उधर भागने लगे और कुछ तो घर के अंदर छिप गए।

घटना के दौरान भालू ने घर के बाड़ी में रखा सारा तेल पी लिया और मौके से चला गया। इसी बीच कुछ लोगों ने घर की छत से उसका वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। गनीमत रही कि भालू ने किसी पर हमला नहीं किया और किसी को नुकसान नहीं पहुंचा।

हालांकि, दशपुर गांव में भालुओं की लगातार मौजूदगी अब ग्रामीणों के लिए गंभीर चिंता का कारण बन चुकी है। स्थानीय लोगों के अनुसार, भालू हर शाम गांव की ओर चला आता है और पहले भी दो ग्रामीणों पर हमला कर चुका है।

वन विभाग को घटना की जानकारी दे दी गई है, लेकिन ग्रामीणों का आरोप है कि अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और भालू के आतंक से राहत दिलाने की मांग की है।

Youthwings