Bangladesh Hindu Trader Murder: बांग्लादेश में हिंदू व्यापारी की निर्मम हत्या, चुनाव से पहले मची सनसनी
Bangladesh Hindu Trader Murder: बांग्लादेश के मयमनसिंह जिले में सोमवार रात एक 62 वर्षीय हिंदू व्यापारी की निर्मम हत्या कर दी गई। यह घटना देश में प्रधानमंत्री पद के लिए होने वाले आम चुनाव से महज तीन दिन पहले सामने आई है, जिससे क्षेत्र में तनाव और चिंता का माहौल बन गया है।
मृतक की पहचान सुसेन चंद्र सरकार के रूप में हुई है, जो पेशे से चावल के व्यापारी थे। उनकी दुकान ‘भाई भाई एंटरप्राइज’ त्रिशाल उपजिला के बोगर बाजार चौराहे पर स्थित है।
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सोमवार रात करीब 11 बजे अज्ञात हमलावर दुकान में घुसे और धारदार हथियार से उन पर हमला कर दिया। हमलावरों ने वारदात को अंजाम देने के बाद दुकान का शटर गिरा दिया और मौके से फरार हो गए।
त्रिशाल थाने के ओसी मोहम्मद फिरोज हुसैन ने बताया कि घटना की जानकारी तब मिली जब परिवार के सदस्य उनकी तलाश करते हुए दुकान पहुंचे। शटर खोलने पर सुसेन चंद्र सरकार खून से लथपथ हालत में अंदर पड़े मिले।
परिजनों ने तुरंत उन्हें मयमनसिंह मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
मृतक के बेटे सुजान सरकार ने दावा किया कि हमलावरों ने हत्या के बाद दुकान से कई लाख टका लूट लिए। उन्होंने कहा कि उनके पिता की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी और परिवार लंबे समय से चावल का व्यवसाय कर रहा था।
पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। फिलहाल अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है, लेकिन अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
चुनाव से ठीक पहले हुई इस हत्या ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि पुलिस ने अभी तक इस घटना को चुनाव से जोड़कर देखने से इनकार किया है और सभी पहलुओं की जांच की बात कही है।
