हमर राज पार्टी जिला अध्यक्ष की कार जलाने के मामले में सरपंच ममता डडसेना सहित दो गिरफ्तार, कुल 7 आरोपी जेल में
बालोद। हमर राज पार्टी के बालोद जिला अध्यक्ष देवेन्द्र साहू की कार में आग लगाने की सुपारी देने के आरोप में अंगारी ग्राम पंचायत की सरपंच ममता डडसेना और दुर्ग निवासी श्यामू यादव उर्फ रिंकू यादव को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। इस मामले में अब तक कुल 7 आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं।
घटना 1 दिसंबर 2025 की रात की है। बालोद थाना क्षेत्र के बूढ़ा पारा वार्ड नंबर 20 में रहने वाले देवेन्द्र साहू के घर के पास खड़ी उनकी कार को अज्ञात लोगों ने पेट्रोल डालकर आग लगा दी थी। देवेन्द्र साहू की शिकायत पर बालोद पुलिस ने अपराध क्रमांक 527/2025 के तहत भादंवि की धारा 326(जी), 3(5) सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि पहले से गिरफ्तार पांच आरोपियों अनिकेत मेश्राम, सूरज रंगारी, दानेश्वर साहू, अभिषेक चौरे और मोहम्मद फैजान में से फैजान की बालोद जेल में बंदी रहने के दौरान सरपंच ममता डडसेना के पति अश्वनी डडसेना से मुलाकात हुई थी। अश्वनी डडसेना ने देवेन्द्र साहू से चल रहे जमीन विवाद का जिक्र करते हुए फैजान को सुपारी दी थी कि देवेन्द्र साहू को जान से मार दिया जाए तो अच्छा-खासा पैसा दिया जाएगा। बाद में योजना बदलकर केवल कार जलाने तक सीमित कर दी गई।
पुलिस ने सरपंच ममता डडसेना और सुपारी लेने-देन कराने वाले श्यामू यादव उर्फ रिंकू को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की आगे की जांच जारी है।
