BALCO प्लांट में बड़ा हादसा: 20 साल पुराना संयंत्र भरभराकर गिरा
BALCO प्लांट
छत्तीसगढ़ के कोरबा स्थित भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (BALCO) प्लांट में एक बड़ा हादसा हुआ है। प्लांट परिसर में लगभग 20 साल पुराने राख फिल्टर का संयंत्र अचानक भरभराकर नीचे गिर गया। हालांकि, इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, जो एक बड़ी राहत की बात है। जानकारी के मुताबिक, यह इलेक्ट्रोस्टैटिक प्रिसिपिटेटर (ESP) संयंत्र सेपको कंपनी द्वारा 2004-05 में निर्मित किया गया था।
सुरक्षा मानकों पर उठे सवाल
इस हादसे ने एक बार फिर प्लांट में सुरक्षा नियमों के पालन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी BALCO प्लांट में चिमनी गिरने जैसी घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन प्रबंधन ने अब तक कोई प्रभावी सुधार नहीं किया है। लगातार हो रहे ऐसे हादसे श्रम विभाग की लापरवाही को भी उजागर करते हैं।
श्रम विभाग की लापरवाही पर उठ रहे गंभीर सवाल
स्थानीय कर्मचारियों का आरोप है कि उद्योगपतियों के दबाव में श्रम विभाग केवल औपचारिकतावादी रवैया अपना रहा है और असल सुरक्षा नियमों की अनदेखी की जा रही है। उनकी माने तो इससे न केवल श्रमिकों की जान को खतरा हो रहा है, बल्कि दुर्घटनाओं का सिलसिला भी नहीं रुक रहा।
