मंत्री के भतीजे की गुंडागर्दी पर बघेल और बैज का BJP सरकार पर हमला, वोट चोरी, महतारी वंदन और तिरंगा यात्रा पर भी साधा निशाना

Baghel and Baij

Baghel and Baij

रायपुर – मंत्री टंकराम वर्मा के भतीजे पर मारपीट और लूट के आरोपों को लेकर छत्तीसगढ़ की सियासत गरमा गई है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सरकार पर दोहरे कानून का आरोप लगाते हुए कहा कि आम जनता और नेताओं के लिए अलग-अलग नियम लागू किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि मंत्री वर्मा कानून का सम्मान करते हैं तो उन्हें अपने भतीजे को सामने लाना चाहिए।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने भी तंज कसते हुए कहा, “सैंया भए कोतवाल तो डर कहे का”, मंत्री और BJP नेता अपराधियों को संरक्षण दे रहे हैं, जिससे अपराधियों का खौफ खत्म हो गया है।

वोट चोरी पर बड़ा बयान

बघेल ने आरोप लगाया कि छत्तीसगढ़ में बड़े पैमाने पर वोट चोरी हुई है। उन्होंने कहा कि कई विधानसभा क्षेत्रों में हजारों फर्जी वोट दर्ज हैं और BJP खुद इस बात को मान रही है। उन्होंने दावा किया कि राहुल गांधी ने हाल ही में मृत घोषित किए गए कई वोटर्स से मुलाकात की है, जो निर्वाचन आयोग की गंभीर लापरवाही को दर्शाता है।

महतारी वंदन योजना और महिला समूहों को लेकर सवाल

पूर्व मुख्यमंत्री ने BJP पर चुनावी वादे पूरे न करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि महिला समूहों को रेडी टू ईट का काम नहीं मिला और 18 लाख आवास देने का वादा भी अधूरा है। महतारी वंदन योजना में अब फार्म काटे जा रहे हैं ताकि लोगों को धीरे-धीरे झटका लगे।

तिरंगा यात्रा और RSS पर निशाना

बघेल ने कहा कि 52 साल तक RSS मुख्यालय में तिरंगा नहीं फहराया गया, लेकिन अब BJP तिरंगा यात्रा निकाल रही है। उन्होंने अमित शाह से पूछा कि आजादी में उनका योगदान क्या रहा और मणिपुर की हिंसा पर चुप्पी क्यों है।

‘जंगल राज’ का आरोप

बैज ने कहा कि छत्तीसगढ़ में सुशासन के नाम पर जंगल राज चल रहा है, जहां मंत्री का भतीजा खुलेआम मारपीट करता है और बचा लिया जाता है। उन्होंने मांग की कि दोषी पर कार्रवाई हो, चाहे वह किसी भी पद पर क्यों न हो।

BJP में गुटबाजी

बैज ने दावा किया कि निगम-मंडल की नियुक्तियों को लेकर BJP में अंदरूनी कलह बढ़ गई है और नेता पोस्ट लौटाकर नाराज़गी जता रहे हैं।

Youthwings