रेलवे स्टेशनों पर ऑटोमैटिक वेंडिंग मशीनें: ओवररेटिंग से मिलेगी राहत, 24×7 उपलब्ध रहेंगी खाद्य सामग्री

रायपुर: रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों को अब ओवररेटिंग और अनियमित कीमतों की समस्या से राहत मिलने वाली है। रेलवे ने यात्रियों की सुविधा और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए जोन स्तर पर ऑटोमैटिक वेंडिंग मशीनें लगाने का निर्णय लिया है। इन मशीनों के जरिए यात्री दिन-रात कभी भी पानी, कोल्ड ड्रिंक, बिस्किट, चिप्स और अन्य पैक्ड स्नैक्स निर्धारित दर पर खरीद सकेंगे।

24 घंटे सेवा, पारदर्शिता और तकनीक से लैस व्यवस्था

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, यह नई पहल यात्रियों को भरोसेमंद, पारदर्शी और सुविधाजनक सेवा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुरू की गई है। यह मशीनें बिना किसी दुकानदार के काम करेंगी। यात्री टच स्क्रीन पर उत्पाद का चयन कर, यूपीआई, क्यूआर कोड या कार्ड से भुगतान कर सकेंगे। पेमेंट होते ही कुछ सेकंड में ही सामान मशीन से बाहर आ जाएगा

बिलासपुर से हुई शुरुआत, जल्द रायपुर-दुर्ग में भी लगेगी मशीनें

इस योजना की शुरुआत बिलासपुर स्टेशन से की गई है और जल्द ही इसे रायपुर, दुर्ग और अन्य बड़े स्टेशनों पर भी लागू किया जाएगा। यह सुविधा पहले से मेट्रो स्टेशनों और एयरपोर्ट्स पर उपलब्ध थी, लेकिन अब रेलवे प्लेटफॉर्म पर भी यात्रियों को इसी तरह की आधुनिक सेवा मिलेगी।

रात में भी मिलेंगी खाने-पीने की चीजें

अक्सर देखा जाता है कि रात में स्टेशन की दुकानें बंद हो जाती हैं, जिससे यात्रियों को परेशानी होती है। अब इन वेंडिंग मशीनों की मदद से किसी भी समय स्नैक्स और ड्रिंक्स उपलब्ध होंगे। इससे यात्रियों को लाइन में लगने, छुट्टे पैसे ढूंढने या बाहर भागने की ज़रूरत नहीं पड़ेगी।

स्वच्छता का भी रखा गया ध्यान

रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे मशीन से खरीदे गए सामान के पैकेट्स या कचरे को डस्टबिन में डालें, ताकि स्टेशन की स्वच्छता बनी रहे। यह पहल यात्रियों को सुरक्षित, तेज और साफ-सुथरी सेवा देने के साथ-साथ ओवररेटिंग पर भी प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करेगी।

3 से 6 लाख की लागत, लेकिन सुविधा अमूल्य

एक वेंडिंग मशीन की कीमत 3 से 6 लाख रुपये के बीच बताई जा रही है, लेकिन इसके ज़रिए यात्रियों को जो सुविधा और भरोसा मिलेगा, वह किसी भी कीमत से कहीं अधिक मूल्यवान है। यह पहल डिजिटल इंडिया, स्मार्ट रेलवे और यात्री सुविधा की दिशा में एक मजबूत कदम माना जा रहा है।

Youthwings