दिनदहाड़े बंदूक की नोक पर लूट की कोशिश, होटल संचालक ने दिखाई हिम्मत, भाग खड़े हुए बदमाश
बिलासपुर। न्यायधानी बिलासपुर में दिनदहाड़े बंदूक के दम पर लूट की कोशिश से शहर में दहशत फैल गई। सरकंडा थाना क्षेत्र के गोंड़पारा इलाके में बाइक सवार तीन बदमाशों ने एक होटल संचालक को ओवरटेक कर रोका और गले से सोने की चेन व अंगूठी उतरवाने का प्रयास किया। दो आरोपियों के हाथ में बंदूक थी और तीसरे ने गोली मारने की धमकी दी।
घटना के दौरान होटल संचालक ने साहस दिखाते हुए शोर मचाया और विरोध किया, जिससे घबराकर आरोपी बिना लूट किए मौके से फरार हो गए। पूरी वारदात आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।
सूचना मिलते ही सरकंडा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और तलाश में जुटी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार एक आरोपी ने चेहरा ढंक रखा था। फिलहाल अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच जारी है।
