ASIAN GAMES 2026: नागोया में खेल महाकुंभ का हाईटेक आगाज, मनु भाकर और पवन सहरावत ने लहराया तिरंगा

नागोया। जापान के नागोया शहर में शनिवार, 19 सितंबर को 20वें एशियाई खेल का शानदार और हाईटेक आगाज हो गया। मिजुहो पार्क एथलेटिक स्टेडियम में आयोजित करीब दो घंटे तक चले भव्य और रंगारंग उद्घाटन समारोह में पूरे एशिया की खेल संस्कृति और आधुनिक तकनीक का अनूठा संगम देखने को मिला। जापान के सम्राट नारुहितो ने महारानी मासाको, शाही परिवार के सदस्यों, ओलंपिक काउंसिल ऑफ एशिया के अध्यक्ष शेख जुआन बिन हमद अल थानी और अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति  की अध्यक्ष कर्स्टी कोवेंट्री की उपस्थिति में खेलों के विधिवत शुरुआत की घोषणा की।

राष्ट्रगान के साथ शुरुआत और 46 दलों की भव्य परेड

उद्घाटन समारोह की शुरुआत जापान के राष्ट्रगान और राष्ट्रीय ध्वज फहराने के साथ हुई, जिसे जापान की सेल्फ डिफेंस फोर्स के 9 सदस्यों ने पूरे सम्मान के साथ मुख्य मंच तक पहुंचाया। इसके तुरंत बाद पूरे स्टेडियम की लाइटें बंद कर दी गईं और विशेष स्पॉटलाइट से जापान के राष्ट्रीय ध्वज को रोशन किया गया। इसके उपरांत 45 देशों और ओसीए रिफ्यूजी टीम समेत कुल 46 दलों की एथलीट परेड निकाली गई, जिसमें अफगानिस्तान का दल सबसे पहले मार्च पास्ट में शामिल हुआ। वहीं एशिया की खेल महाशक्ति चीन 800 से अधिक खिलाड़ियों के भारी-भरकम दल के साथ परेड में आकर्षण का केंद्र रहा।

मनु भाकर और पवन सहरावत बने भारत के ध्वजवाहक

परेड ऑफ नेशंस में भारतीय दल का नेतृत्व दो बार की पेरिस ओलंपिक पदक विजेता निशानेबाज मनु भाकर और हांगझोऊ एशियन गेम्स के स्वर्ण पदक विजेता कबड्डी स्टार पवन सहरावत ने किया। दोनों दिग्गज एथलीट पारंपरिक नेवी ब्लू परिधान में तिरंगा थामे हुए आगे बढ़े। गौरतलब है कि पवन सहरावत को ऐन वक्त पर शॉटपुट एथलीट ताजिंदरपाल सिंह तूर की जगह संयुक्त ध्वजवाहक बनाया गया, क्योंकि तूर को समारोह के लिए अनिवार्य आधिकारिक किट समय पर उपलब्ध नहीं हो सकी थी और वे इस सेरेमनी का हिस्सा नहीं बन पाए।

क्रिकेट और टेकबॉल में भारत की पदक उम्मीदें मजबूत

उद्घाटन समारोह से पहले ही शुरू हो चुके कई स्पर्धाओं में भारत ने शानदार प्रदर्शन के साथ आगाज किया है। महिला क्रिकेट में हरमनप्रीत कौर के नेतृत्व वाली भारतीय टीम ने मेजबान जापान को 8 विकेट से करारी शिकस्त देकर सेमीफाइनल का टिकट पक्का कर लिया है। इसके साथ ही पहली बार एशियाई खेलों में शामिल किए गए टेकबॉल खेल में भी भारत पदक की दौड़ में मजबूती से बना हुआ है, जहां महिला सिंगल्स सेमीफाइनल में हारने के बाद भारत की क्विम्सी डी’सूजा अब कांस्य पदक के लिए मुकाबला खेलेंगी।

यह महाकुंभ 19 सितंबर से 4 अक्टूबर तक चलेगा, जिसमें 45 देशों और रिफ्यूजी टीम के लगभग 11,000 एथलीट 43 खेलों की 469 स्वर्ण पदकों के लिए अपनी दावेदारी पेश कर रहे हैं।

Youthwings