Amritsar रेड अलर्ट पर, प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी और हेल्पलाइन नंबर, लोगों से घर में रहने की अपील
Amritsar
भारत-पाकिस्तान सीमा पर जारी तनाव के बीच पंजाब के Amritsar जिले में जिला प्रशासन ने रेड अलर्ट घोषित कर दिया है। हालात को देखते हुए प्रशासन ने लोगों के लिए एडवाइजरी और हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं।
हालांकि, बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई है, लेकिन प्रशासन ने साफ कहा है कि हालात पूरी तरह सामान्य नहीं हैं और लोगों को सतर्क रहने की आवश्यकता है। एडवाइजरी में नागरिकों से कहा गया है कि घर के अंदर रहें, खिड़कियों से दूर रहें और बिल्कुल भी बाहर न निकलें। प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि जब हालात पूरी तरह सुरक्षित होंगे, तब इसकी सूचना जनता को दी जाएगी।
जिलाधिकारी की अपील
11 मई की सुबह 5:44 बजे जिला प्रशासन ने यह एडवाइजरी जारी की। डिप्टी कमिश्नर की ओर से जारी बयान में कहा गया:
“हमने आपकी सुविधा के लिए बिजली आपूर्ति बहाल कर दी है, लेकिन हम अभी भी रेड अलर्ट पर हैं। कृपया बाहर न निकलें, खिड़कियों से दूर रहें और जब तक आधिकारिक सूचना न मिले, तब तक घरों के अंदर ही रहें। घबराने की आवश्यकता नहीं है, हम आपको हर अपडेट देंगे।”
हेल्पलाइन नंबर भी किए गए जारी
अमृतसर प्रशासन ने नागरिकों की सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं। किसी भी आपात स्थिति या स्पष्टीकरण के लिए निम्न नंबरों पर संपर्क किया जा सकता है:
-
सिविल कंट्रोल रूम: 01832-226262 / 79738-67446
-
पुलिस कंट्रोल रूम (सिटी): 97811-30666
-
पुलिस कंट्रोल रूम (ग्रामीण): 97800-03387
मुख्यमंत्री भगवंत मान की अपील
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भी लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और सेना द्वारा जारी निर्देशों का पालन करने को कहा है। उन्होंने कहा कि हालात पर नजर रखी जा रही है और लोगों की सुरक्षा सर्वोपरि है।
अन्य शहरों में स्थिति सामान्य
वहीं, अमृतसर के अलावा पठानकोट और फिरोजपुर से किसी भी प्रकार की ड्रोन, फायरिंग या मिसाइल गतिविधि की सूचना नहीं मिली है। इन शहरों में स्थिति सामान्य बताई जा रही है।
प्रशासन ने सभी से संयम और सहयोग बनाए रखने की अपील की है। हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है और सुरक्षा एजेंसियां मुस्तैद हैं।
