अमित शाह का पूरा शेड्यूल जारी: 7 से 9 फरवरी तक छत्तीसगढ़ में रहेंगे, रायपुर में हाईलेवल बैठकें और बस्तर पंडुम समापन

अमित शाह

अमित शाह

रायपुर: केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह एक बार फिर तीन दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे पर आ रहे हैं। उनका यह दौरा 7 से 9 फरवरी तक प्रस्तावित है। तय कार्यक्रम के अनुसार वे 7 फरवरी की शाम जम्मू-कश्मीर से रवाना होकर छत्तीसगढ़ पहुंचेंगे।

7 फरवरी: रायपुर आगमन और रात्रि विश्राम

श्री शाह 7 फरवरी को दोपहर 2.15 बजे जम्मू एयरपोर्ट से बीएसएफ के विशेष विमान से रवाना होंगे और शाम 4.40 बजे रायपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। रायपुर एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, प्रदेश के मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता उनका स्वागत करेंगे। इसके बाद वे होटल मेफेयर जाएंगे, जहां रात्रि विश्राम करेंगे।

8 फरवरी: नक्सलवाद पर उच्चस्तरीय बैठकों का दौर

8 फरवरी को रायपुर स्थित होटल मेफेयर में नक्सलवाद को लेकर दिनभर बैठकों का दौर चलेगा। इन बैठकों में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा, राज्य के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, नक्सल मोर्चे पर तैनात अधिकारी तथा केंद्र सरकार के अधिकारी शामिल होंगे।

बैठक का पहला सत्र सुबह 11 बजे से दोपहर 12.45 बजे तक चलेगा। इसके बाद 12.45 से 2.00 बजे तक नक्सलवाद की विस्तृत समीक्षा बैठक होगी। दोपहर 2 से 3 बजे तक भोजनावकाश रहेगा। इसके बाद 3.00 से 4.15 बजे तक पुनः बैठक आयोजित की जाएगी। 4.15 से 5.00 बजे तक का समय आरक्षित रखा गया है।

राष्ट्रीय कॉनक्लेव में होंगे मुख्य अतिथि

शाम 5.00 से 6.10 बजे तक केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह साप्ताहिक पत्रिका ‘ऑर्गेनाइजर’ के ‘भारत प्रकाशन’ द्वारा आयोजित राष्ट्रीय कॉनक्लेव ‘छत्तीसगढ़ @ 25: शिफ्टिंग द लेंस’ में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम के बाद रात्रि भोजन और विश्राम रहेगा।

9 फरवरी: बस्तर पंडुम महोत्सव का समापन

दौरे के अंतिम दिन 9 फरवरी को अमित शाह जगदलपुर (बस्तर) में आयोजित बस्तर पंडुम महोत्सव 2026 के समापन समारोह में शामिल होंगे। यह महोत्सव बस्तर की जनजातीय संस्कृति, परंपराओं और लोक विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन का प्रतीक है। श्री शाह सुबह 11 बजे रायपुर से बीएसएफ के विशेष विमान द्वारा जगदलपुर के लिए रवाना होंगे और 12.05 से 1.20 बजे तक समापन समारोह में शामिल होंगे। कार्यक्रम के पश्चात भोजन के बाद वे दोपहर 2.15 बजे जगदलपुर से दिल्ली के लिए रवाना होंगे।

 

 

Youthwings