Bastar Pandum 2026 में Amit Shah का नक्सलियों को खुला चैलेंज, कहा – विकास और सुरक्षा में पीछे नहीं हटेंगे

Amit Shah Bastar Pandum 2026 Speech: बस्तर पंडुम 2026 के समापन समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने जनसभा को संबोधित करते हुए नक्सल उन्मूलन, जनजातीय संस्कृति के संरक्षण और बस्तर के समग्र विकास को लेकर बड़ा संदेश दिया। उन्होंने नक्सलियों को स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि सरकार अपनी रणनीति और विकास के रोडमैप से पीछे नहीं हटेगी और सुरक्षा के लिए हर जरूरी कदम उठाया जाएगा।

अमित शाह ने कहा कि पिछले बस्तर पंडुम की तुलना में इस बार 12 विधाओं में प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जबकि पिछली बार केवल 7 विधाओं में आयोजन हुआ था। इस महोत्सव में 55,000 से अधिक कलाकारों और प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, जो अपने आप में ऐतिहासिक है। गृह मंत्री ने यह भी बताया कि दशकों तक बस्तर में नक्सलियों की हिंसा और भय का माहौल था, लेकिन अब लोग खुलकर अपनी कला, नृत्य और परंपराओं के साथ मंच पर भाग ले रहे हैं।

उन्होंने कहा कि बस्तर की संस्कृति और कला को गांव-गांव तक जीवित रखना सरकार का लक्ष्य है, क्योंकि बस्तर जैसी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत देश में कहीं और नहीं है। अमित शाह ने जनजातीय समाज को देश का आभूषण बताते हुए कहा कि उनकी परंपराएं भगवान राम के युग से चली आ रही हैं और इन्हें पीढ़ियों ने संरक्षित रखा है।

गृह मंत्री ने दंतेवाड़ा की तारीफ करते हुए बताया कि इस आयोजन के प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त प्रतिभागियों को राष्ट्रपति भवन में आमंत्रित किया जाएगा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 700 जनजातियों के नायकों को सम्मानित किए जाने का उल्लेख किया और भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की जानकारी दी।

नक्सलवाद पर कड़ा रुख अपनाते हुए अमित शाह ने कहा कि सरकार किसी से लड़ाई नहीं चाहती, लेकिन आदिवासी गांवों और बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बचे हुए नक्सलियों से हथियार डालने और सम्मान के साथ पुनर्वास लेने की अपील की। छत्तीसगढ़ का पुनर्वास पैकेज देश का सबसे आकर्षक है, और अब तक 2,500 से अधिक लोग इसका लाभ उठा चुके हैं।

अमित शाह ने बस्तर के विकास का रोडमैप भी साझा किया। उन्होंने कहा कि अगले 5 वर्षों में बस्तर देश का सबसे विकसित जनजातीय संभाग बनेगा। हर गांव में अस्पताल, कॉलेज, पोस्ट ऑफिस, सड़क और पुल बनाए जाएंगे। कई गांवों में चार दशक बाद राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा। हर 5 किलोमीटर पर पोस्ट ऑफिस, दिसंबर तक हर घर में बिजली, और हर जनजातीय नागरिक को 5 किलो चावल और गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जाएगा।

समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उप मुख्यमंत्री अरुण साव, मंत्री विजय शर्मा, सांसद, विधायक और हजारों जनजातीय कलाकार व नागरिक मौजूद थे। अमित शाह के रोडमैप और विकास के वादों ने पंडाल में मौजूद लोगों के बीच तालियों की गड़गड़ाहट मचा दी।

Youthwings